बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 18 जुलाई। जगन्नाथ रथयात्रा पर विकासखंड बेरला अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला साल्हेपुर में भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण के बीच भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा छात्र-छात्राओं ने पूजा में सहभागिता की। विद्यालय की प्रधान पाठक अंबालिका पटेल ने विद्यार्थियों को श्री जगन्नाथ स्वामी की महिमा, रथ यात्रा के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व तथा भगवान जगन्नाथ, बलभद्र एवं माता सुभद्रा के दिव्य स्वरूप के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रथयात्रा हमें प्रेम, समानता, सेवा, भाईचारे और मानवता का संदेश देती है। उन्होंने बच्चों से भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं नैतिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। पूजन कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने श्रद्धापूर्वक पुष्प अर्पित किए, आरती में भाग लिया तथा भगवान श्री जगन्नाथ से अपने परिवार, विद्यालय एवं समाज के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान बच्चों में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति विशेष उत्साह और जिज्ञासा देखने को मिली। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय त्योहारों एवं सांस्कृतिक विरासत के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें संस्कार, अनुशासन, आस्था एवं सामाजिक समरसता की भावना विकसित करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों ने भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी से राष्ट्र की उन्नति, समाज के कल्याण तथा सभी के जीवन में सुख-समृद्धि की प्रार्थना की। विद्यालय परिवार ने संकल्प लिया कि भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों का संवर्धन निरंतर किया जाता रहेगा।