बेमेतरा

72 एकड़ संस्कृत विद्यालय की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला पहुंचा एसपी कार्यालय
14-Jul-2026 7:19 PM
72 एकड़ संस्कृत विद्यालय की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला पहुंचा एसपी कार्यालय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 14 जुलाई। निंबार्क संस्कृत विद्यालय, वृंदावन के नाम दर्ज 72 एकड़ कृषि भूमि पर कथित अवैध कब्जे का मामला अब प्रशासन के सर्वोच्च स्तर तक पहुँच गया है। सोमवार को अखिल भारतीय संत समिति के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू से मुलाकात कर विस्तृत शिकायत सौंपते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई और भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय संत समिति के प्रदेश अध्यक्ष महात्यागी रामरूप दास, महामंत्री एवं शेतगंगा के महंत राधेश्याम दास, राम जानकी मंदिर के महंत सुरेंद्र दास तथा धर्म स्तंभ काउंसिल के सभापति एवं निंबार्क संस्कृत विद्यालय के न्यासी डॉ. सौरव निर्वाणी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विद्यालय के प्रबंधक नागा महंत हरिशंकर दास के मार्गदर्शन में संस्था अपनी भूमि को मुक्त कराने के लिए वैधानिक प्रयास कर रही है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शांति बाई सतनामी, कथित रूप से मोहतरा निवासी शेखर शरण दास के कहने पर, विद्यालय की भूमि से कब्जा हटाने से इंकार कर रही हैं। साथ ही संत-महात्माओं पर झूठे आरोप लगाकर उन्हें बदनाम करने की धमकी दी जा रही है तथा गांव के कुछ लोगों को भी भडक़ाने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे विवाद का वातावरण बनाया जा रहा है।

संत प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए तथा निंबार्क संस्कृत विद्यालय की 72 एकड़ कृषि भूमि को तत्काल अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाए।

 महंत राधेश्याम दास, महंत सुरेंद्र दास एवं डॉ. सौरव निर्वाणी ने संयुक्त रूप से कहा कि यह केवल भूमि का विवाद नहीं, बल्कि एक प्राचीन धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्था की संपत्ति की रक्षा का विषय है। यदि धर्मस्थलों और धार्मिक संस्थाओं की संपत्तियों पर अवैध कब्जों के विरुद्ध समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसी घटनाओं को बढ़ावा मिलेगा। संतों ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य कानून के दायरे में रहकर न्याय प्राप्त करना है,उन्होंने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि धार्मिक संस्थाओं की संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट