बेमेतरा

प्राथमिक शाला की छत का प्लास्टर गिरा, 2 छात्र जख्मी
14-Jul-2026 7:10 PM
प्राथमिक शाला की छत का प्लास्टर गिरा, 2 छात्र जख्मी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 14 जुलाई।  ग्राम गुवारा के शासकीय स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने से दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। साजा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुवारा स्थित शासकीय स्कूल में सोमवार को पढ़ाई के दौरान अचानक कक्षा की जर्जर छत से प्लास्टर भरभरा कर नीचे गिर गया। मलबे की चपेट में आने से पारस और प्रवेश नामक दो मासूम छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। शिक्षकों और ग्रामीणों ने तत्काल घायल बच्चों को थान खम्मरिया अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां उनका सिटी स्कैन किया गया। घटना की पुष्टि करते हुए बीईओ टीजी पात्रा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त कक्षा को तत्काल ताला लगाकर बंद कर दिया गया है। घटना की विस्तृत रिपोर्ट डीईओ को सौंपी जा रही है।

ग्रामीणों में आक्रोश

स्थानीय लोगों का आक्रोश चरम पर है। ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल भवन के जर्जर होने की शिकायत कई बार प्रशासन को दी गई थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी कुंभकर्णी  नींद सोते रहे। अभिभावकों ने तंज कसते हुए कहा कि अब बच्चों को स्कूल भेजने के लिए हेलमेट और सुरक्षा उपकरणों की जरूरत पड़ेगी। लोगों ने मांग की है कि घायल बच्चों का नि:शुल्क इलाज सुनिश्चित किया जाए और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की जाए।

पांच माह से लंबित है जांच रिपोर्ट

यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब पूरा जिला मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत हुए निर्माण कार्यों की जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है। जिला प्रशासन में 20 फरवरी 26 से सत्र 2022-23 में हुए करोड़ों के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता जांचने के लिए संयुक्त समिति का गठन किया था। इस योजना के तहत अतिरिक्त कक्षाओं का निर्माण, जीर्णोद्धार ,शौचालय एवं किचन सेट की मरम्मत शामिल थे। समिति को 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपनी थी। जांच के दायरे में नवागढ़ की 554, साजा की 208, बेरला की 195 और बेमेतरा की 159 शालाओं को रखा गया था। प्रत्येक विकासखंड के लिए एसडीएम से लेकर लोक निर्माण विभाग के ऊपअभियंता तक 66 अधिकारियों के टीम बनाई गई थी। इस तरह 24 से अधिक अधिकारियों की फौज 5 महीने बाद रिपोर्ट जमा नहीं कर पाई है।


अन्य पोस्ट