बेमेतरा
शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों को तिलक लगाकर स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 11 जुलाई। जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन जिला के बेरला में मंडी प्रांगण में धूमधाम से किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्नेहभाव पूर्वक शाला में प्रवेश कराया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उप मुख्यमंत्री साव ने बच्चों को शाला प्रवेश कराकर स्वागत किया। उन्होंने कक्षा पहली सहित विभिन्न कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों के माथे पर तिलक लगाया और उन्हें पुस्तकें व स्टेशनरी व शाला गणवेश वितरित किया। इस दौरान बच्चों के साथ स्नेह पूर्वक फोटो भी खिंचवाई और उनसे बातचीत की। नव प्रवेशी बच्चों से बात कर परिचय किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को जीवन की पहली पाठशाला में प्रवेश को यादगार बनाने के उद्देश्य से मन लगाकर पढ़ाई करने आशीर्वाद भी दिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए साव ने कहा कि आप ही भावी भारत के भविष्य हैं। देश को आगे ले जाने की जिम्मेदारी आने वाले समय में आपके कंधों पर होगी, इसलिए मन लगाकर पढ़ाई करें। अनुशासन में रहें और बड़े सपने देखें। इस अवसर पर उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। शाला प्रवेश उत्सव का मकसद यही है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। स्कूलों में मूलभूत सुविधाएं, स्मार्ट क्लास, मध्यान्ह भोजन और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं के माध्यम से बच्चों को बेहतर माहौल दिया जा रहा है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि एक अच्छा शिक्षक ही अच्छे नागरिक गढ़ता है। उप मुख्यमंत्री ने 20 बालिकाओं को साइकिल दी। सरस्वती साइकिल योजना अंतर्गत साइकिल मिलने से बालिकाओं के चेहरे में मुस्कान देखने को मिली। साईकिल मिलने से बेटियों को सुगमतापूर्वक शाला आने जाने की सुविधा मिलेगी।
मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
इस अवसर पर जिले में बोर्ड परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। साथ ही नवोदय विद्यालय में चयनित विद्यार्थियों को सम्मनित किया गया।
विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ 60 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा उप मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में विकास की रेखा को अनवरत रखते हुए बड़ी सौगातें दी। उन्होंने यहां बेरला में गौरव पथ निर्माण के लिए 2 करोड़ रुपए, स्टेडियम निर्माण कार्य के लिए 50 लाख रुपए एवं शासकीय कन्या विद्यालय में बाउंड्रीवाल के लिए 10 लाख रूपए की घोषणा की।
डिप्टी सीएम ने थाली में परोसा गया भोजन बच्चों के साथ मिलकर खाया
भोजन के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बच्चों से पढ़ाई, खेल और घर-परिवार के बारे में आत्मीय बातचीत की। बच्चों ने भी बिना किसी झिझक के साथ भोजन किया। साव ने कहा कि बच्चों के साथ बैठकर भोजन करने से जो अपनापन मिलता है वो शब्दों में नहीं बताया जा सकता।
यही हमारी संस्कृति है। जब बड़े और बच्चे एक साथ बैठकर खाते हैं तो संस्कार और संस्कृति दोनों आगे बढ़ती है। कार्यक्रम में रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, रायपुर प्रभारी राजेन्द्र शर्मा, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि ,कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस महानिरीक्षक रामकृष्ण साहू, शिक्षा विभाग के अधिकारी, स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में अभिभावक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।