बेमेतरा
बेमेतरा, 7 जुलाई। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने छोटे बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए जिला कलेक्टर को पत्र लिखा है। उन्होंने जलभराव एवं आवागमन प्रभावित क्षेत्रों के विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का तत्काल सर्वे कर परिस्थितिनुसार अवकाश घोषित करने की मांग की है।
प्रज्ञा निर्वाणी ने कहा कि जिले के कई क्षेत्रों में लगातार बारिश से सडक़ें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी हुई है तथा छोटे-छोटे बच्चों को भीगते हुए विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है, ऐसे हालात में दुर्घटना, मौसमी संक्रमण और जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है,उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा किसी भी प्रशासनिक व्यवस्था से अधिक महत्वपूर्ण है।
उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि जिला शिक्षा अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से ऐसे विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों का चिन्हांकन कराया जाए, जहां जलभराव, क्षतिग्रस्त मार्ग या अन्य प्राकृतिक कारणों से बच्चों का विद्यालय पहुंचना जोखिमपूर्ण हो गया है,ऐसे संस्थानों में भारत मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान और स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर अस्थायी अवकाश घोषित किया जाना चाहिए।
प्रज्ञा निर्वाणी ने महिला शिक्षिकाओं और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले शिक्षकों की समस्याओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जलमग्न सडक़ों और फिसलन के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन से आने-जाने वालों के सामने दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है,प्रशासन को विद्यार्थियों और शिक्षकों दोनों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए समय रहते आवश्यक निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि बारिश रुकने का इंतजार करने के बजाय संभावित खतरे को रोकना प्रशासन की जिम्मेदारी है,यदि एक भी बच्चे के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी भरपाई संभव नहीं है। इसलिए बच्चों के जीवन और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावित विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में परिस्थितिनुसार अवकाश घोषित किया जाना चाहिए।