बेमेतरा

माँ गोदावरी आनंदवन में योग शिविर
06-Jul-2026 3:25 PM
माँ गोदावरी आनंदवन में योग शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 6 जुलाई। माँ गोदावरी आनंदवन आश्रम में सन टू ह्यूमन फाउंडेशन , रायपुर के द्वारा  विशेष योग, प्राणायाम एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर फाउंडेशन के साधकगण, प्रबुद्धजन, योग प्रेमी एवं आश्रम में निवासरत बुजुर्ग माता-पिता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर स्वस्थ, निरोग एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया। योग शिविर में प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम, ध्यान, सूक्ष्म व्यायाम एवं श्वास संबंधी अभ्यास कराए गए। साथ ही योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की विस्तार से जानकारी दी गई। बुजुर्गों की आयु एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उन्हें सरल एवं सहज योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया, जिससे वे नियमित रूप से योग को अपने जीवन का हिस्सा बना सकें।

शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने बताया कि नियमित योग करने से शरीर स्वस्थ एवं ऊर्जावान रहता है, मानसिक तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा सकारात्मक सोच का विकास होता है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की वह अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। इस अवसर पर आश्रम ट्रस्ट योगेश तिवारी ने कहा कि बुजुर्गों की सेवा, उनका सम्मान और उनके स्वास्थ्य का संरक्षण समाज का नैतिक दायित्व है। योग जीवन को स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित बनाने का सबसे सरल एवं प्रभावी माध्यम है। बढ़ती उम्र में नियमित योग एवं प्राणायाम करने से अनेक बीमारियों से बचाव होता है तथा मन प्रसन्न और सकारात्मक बना रहता है।


अन्य पोस्ट