बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 4 जुलाई। जिला मुख्यालय में मानसून की पहली बारिश ने जहां किसानों के चेहरे पर खुशी बिखेरी, वहीं प्रशासनिक दावों और विकास कार्यों की पोल खोल कर रख दी है। शहर की मुख्य सडक़ विशेष कर चौपाटी के पास नेशनल हाईवे पर जल भराव की स्थिति 48 घंटे बाद भी जस की तस बनी हुई है।
33 करोड़ रुपए की लागत की इस नई सडक़ पर जल निकासी का अभाव आम जनजीवन के लिए गंभीर मुसीबत बन गया है। सडक़ के बीचोंबीच बने सीसी डिवाइडर ने पानी के स्वाभाविक बहाव को पूरी तरह रोक दिया है। जिससे बांधा तालाब के पास सडक़ पर 18 इंच से अधिक पानी जाम है। स्थानीय निवासियों ने निर्माण के समय ही पुलिया या रपटा बनाने की मांग की थी। लेकिन जिम्मेदार विभाग ने इसे सिरे से खारिज कर दिया। जिसका खामियाजा अब शहर की जनता को भुगतना पड़ रहा है। लोगों को कहना है कि स्थाई व्यवस्था बनाकर जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करना ही होगा, तभी जल भराव नहीं होगा। सीएमओ नरेश वर्मा ने बताया कि समस्या की निराकरण के लिए लोक निर्माण विभाग को कहा गया है।
घरों में घुस रहा नालियों का गंदा पानी
शहर के वार्ड 16 अटल आवास नवापारा वर्तमान में बदतर स्थिति से जूझ रहा है। जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण मामूली बारिश में ही नालियों का गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया है। स्थानीय निवासी गौरमनी गहीरवार ने बताया कि इस जल भराव से घर का अनाज, बिस्तर और अन्य सामान नष्ट हो रहे हैं। स्वयं हृदय रोग से पीडि़त होने के बावजूद उन्हें इस गंदे पानी और नमी के बीच रहना पड़ रहा है, जो उनके स्वास्थ्य के लिए अत्यधिक हानिकारक है। शिकायत करने के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।
स्कूल परिसर में जल भराव
सिघोरी मुक्तिधाम के समीप नवीन स्कूल और कवर्धा मार्ग स्थित प्राथमिक शाला सैगोना में जल भराव की समस्या विकराल हो गई है। सैगोना स्कूल में पिछले तीन-चार वर्षों से हर बारिश में यही स्थिति रहती है।
जहां बच्चों और शिक्षकों को एक फीट तक भरे पानी को पार करके कक्षा पहुंचना पड़ता है।