बेमेतरा

त्रिपुरा सांसद कृति सिंह से भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ने की भेंट, बेमेतरा आने का आमंत्रण
04-Jul-2026 4:08 PM
त्रिपुरा सांसद कृति सिंह से भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष ने की भेंट,  बेमेतरा आने का आमंत्रण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 4 जुलाई। भाजपा महिला मोर्चा बेमेतरा की जिला अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने त्रिपुरा पूर्व लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं कवर्धा राजघराने की बहू कृति सिंह देबबर्मा से सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने शॉल ओढ़ाकर सांसद का सम्मान किया तथा उन्हें छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में आने का स्नेहिल आमंत्रण दिया।

ज्ञात हो कि कृति सिंह देबबर्मा त्रिपुरा के पूर्व शाही माणिक्य राजपरिवार से संबंध रखती हैं तथा कवर्धा राजघराने की बहू हैं। भेंट के दौरान दोनों नेताओं के बीच त्रिपुरा की जनजातीय संस्कृति, महिलाओं के सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता तथा जनजातीय समुदायों के सर्वांगीण विकास को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

सांसद कृति सिंह देबबर्मा ने त्रिपुरा की जनजातीय परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए देश के विभिन्न राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर प्रज्ञा निर्वाणी ने कहा -भारत की वास्तविक शक्ति उसकी सांस्कृतिक विविधता और जनजातीय विरासत में निहित है। त्रिपुरा की सांसद कृति सिंह देबबर्मा जनजातीय समाज के उत्थान, संस्कृति के संरक्षण और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं।

उनके अनुभव पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। हमने उन्हें बेमेतरा आने का आमंत्रण दिया है ताकि छत्तीसगढ़ और त्रिपुरा के बीच सामाजिक एवं सांस्कृतिक संवाद और अधिक सशक्त हो सके।

      सांसद कृति सिंह देबबर्मा ने भी प्रज्ञा निर्वाणी को त्रिपुरा आने का आमंत्रण देते हुए कहा कि वे वहां की जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और भारत की अद्भुत विविधताओं का अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के राज्यों की संस्कृति और जीवन शैली को समझना ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’की भावना को और मजबूत करता है।

 भेंट के दौरान दोनों ने सामाजिक समरसता, महिला नेतृत्व और जनजातीय समाज के विकास के लिए भविष्य में भी संवाद एवं सहयोग बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की साथ में धर्म स्तंभ कौंसिल के डॉ. सौरव निर्वाणी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट