बेमेतरा

विभिन्न विषयों के अध्ययन-अध्यापन के लिए विषय विशेषज्ञ टीम गठित
04-Jul-2026 4:03 PM
विभिन्न विषयों के अध्ययन-अध्यापन के लिए विषय विशेषज्ञ टीम गठित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 4 जुलाई। बेमेतरा जिले में शिक्षा की गुणवत्ता में बढ़ोतरी करने एवं हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूल मुख्य परीक्षा 2026-27 परिणाम में वृद्धि, मासिक टेस्ट, पाठ्यक्रम पूर्णत:, ब्लूप्रिंट, विभिन्न परीक्षाओं के आयोजन एवं अन्य गतिविधियों के संबंध में जिला स्तरीय कोर ग्रुप  समिति एवं जिला स्तरीय विषय विशेषज्ञ समिति की एक  बैठक जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल की अध्यक्षता में नगर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमेतरा में रखी गई।

      उक्त बैठक में कोर ग्रुप समिति के सदस्यों एवं विषय विशेषज्ञ समिति के सदस्यों को उनके उत्तरदायित्वों से अवगत कराया गया।

बैठक को सम्बोधित करते हुये जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जिले के हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में अध्ययन, अध्यापन एवं अन्य गतिविधियों की मॉनिटरिंग हेतु एक जिला स्तरीय कोर ग्रुप समिति का गठन किया गया है। जिले के चारों विकासखंड में प्रत्येक विकासखंड से दो प्राचार्य को इस समिति में रखा गया है। इस समिति के प्रत्येक सदस्य अपने-अपने विकासखंड के विद्यालयों का गहन निरीक्षण कर प्रति माह प्रतिवेदन भेजना सुनिश्चित करेंगे।

  कोर ग्रुप समिति के सदस्यों में बेमेतरा विकासखंड से जीआर चतुर्वेदी प्राचार्य दाढ़ी, और मंगेश कुमार कुलकर्णी प्राचार्य जेवरा, बेरला विकासखंड से एस एस ठाकुर प्राचार्य कुसमी, और राजेश कुमार पाण्डेय प्राचार्य सरदा, साजा विकासखंड से महेश कुमार साहू प्राचार्य देवकर और सीमा श्रीवास्तव प्राचार्य गाड़ाडीह को रखा गया है।

 इसी तरह से जिले के हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी विद्यालयों में विभिन्न विषयों के अध्ययन, अध्यापन के लिए एक जिला स्तरीय विषय विशेषज्ञ टीम का गठन किया गया है। इस नवगठित विषय विशेषज्ञ टीम के व्याख्याता जिले के सभी हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी विद्यालयों के शिक्षक,व्याख्याता एवं विद्यार्थियों को अपने अपने विषय से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करेंगे और परीक्षा परिणाम में वृद्धि हेतु कार्य योजना बनाकर सभी विद्यालयों एवं इस जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय को अवगत कराना सुनिश्चित करेंगे। विषय विशेषज्ञ की जिला स्तरीय बनाई गई टीम में सभी विषयों के 54 सदस्यों व्याख्याताओं को शामिल किया गया है।

इस बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल, सहायक संचालक शिक्षा विभाग एसपी कोशले, डीएमसी नकुल पनागर, पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी एवं दाढ़ी के प्राचार्य जी आर चतुर्वेदी, एस एस ठाकुर वरिष्ठ प्राचार्य कुसमी, एपीसी खेमराज साहू सहित सभी कोर ग्रुप के सदस्य और सभी विषय विशेषज्ञ शामिल हुए।


अन्य पोस्ट