बेमेतरा

स्कूल-कॉलेज के मुहाने पर शराब की चार दुकानें !
27-Jun-2026 4:19 PM
स्कूल-कॉलेज के मुहाने पर शराब की चार दुकानें !

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 27 जून। स्कूल शिक्षा विभाग के अवर सचिव आरपी वर्मा द्वारा जारी नए शासकीय आदेश के तहत स्कूल, शैक्षणिक संस्थानों और छात्रावासों के 500 मीटर के दायरे को ‘ड्रग फ्री जोन’ घोषित किया गया है। इस नीति का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से सुरक्षित रखना है। इस नए नियम के कड़ाई से क्रियान्वयन के बाद बेमेतरा जिला मुख्यालय की एक प्रीमियम दुकान सहित नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र की तीन शराब दुकानों के स्थान परिवर्तन की स्थिति बन सकती है।

दूरी के मानकों का उल्लंघन

स्थानीय स्तर पर किए गए सर्वेक्षण और मापन के अनुसार, वर्तमान में संचालित कई दुकानें इस निर्धारित सीमा के भीतर आती हैं। ग्राम छिरहा में स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल से शराब दुकान की दूरी लगभग 70 मीटर पाई गई है, जिसका स्थानीय स्तर पर पूर्व में विरोध भी हुआ था। संबलपुर बस स्टैंड के समीप संचालित शराब दुकान हायर सेकेंडरी स्कूल से लगभग 200 मीटर के दायरे में स्थित है। दाढ़ी में  भी संचालित शराब दुकान की दूरी निर्धारित 500 मीटर के मानक से कम है। बेमेतरा जिला मुख्यालय में संचालित प्रीमियम वाइन शॉप स्थानीय कॉलेज से लगभग 200 मीटर के दायरे में स्थित है।

सरकारी आदेश के प्रभाव में आने के बाद आबकारी विभाग को इन चारों दुकानों के लिए नए और नियमानुकूल स्थानों की तलाश करनी होगी। गौरतलब है कि अगस्त 2025 में विभागीय स्तर पर दिए गए दूरी प्रमाणपत्रों और वर्तमान वास्तविक स्थिति के अंतर पर भी सवाल उठ रहे हैं।

कांग्रेसी नेताओं का आरोप है कि दुकानों के स्थानों का चयन नियमों को ताक पर रखकर किया गया है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अनुसार, आगामी विधानसभा चुनाव में क्षेत्र के भीतर अवैध और अनियंत्रित शराब बिक्री एक प्रमुख मुद्दा रहेगा।

आबकारी और जिला प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि शासन से प्राप्त दिशा-निर्देशों के आधार पर सभी दुकानों की स्थिति की समीक्षा की जाएगी और नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।


अन्य पोस्ट