बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 27 जून। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी)ने शुक्रवार को जिले के थान खम्हरिया थाना परिसर में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।
शिकायत प्राप्त होने पर एसीबी ने आरोपी का सत्यापन कराया। जिसमें शिकायत प्रथम दृष्टिया सही पाई गई। इसके बाद निरीक्षक मनीष तंबोली के नेतृत्व में 11 सदस्य टीम गठित का ट्रैप की योजना बनाई गई। शुक्रवार को शिकायतकर्ता ने रासायनिक पाउडर लगे 15 हजार रुपए जैसे ही आरोपी प्रधान आरक्षक को सौंपे पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी के अनुसार खैरझिटी कला निवासी दुर्गेश पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 17 जून को पेड़ कटाई को लेकर हुए विवाद के बाद 18 जून को उनके साथ दूसरे पक्ष के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 296, 351(3),115(2), 3(5) के तहत क्रॉस केस दर्ज किया गया था।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि मामले की विवेचना कर रहे प्रधान आरक्षक अजय लहरे उसके विरुद्ध धारा 151 के तहत कार्रवाई करने का दबाव बना रहे थे। साथ ही कार्रवाई नहीं करने तथा प्रकरण को कमजोर कर समाप्त करने की एवज में पहले 20 हजार रुपए और बाद में 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई।
गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम ने थाना परिसर में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। कई घंटे तक दस्तावेज कार्रवाई चलती रही। तथा सुरक्षा के मद्दे नजर थाना परिसर में सख्त व्यवस्था की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हडक़ंप मच गया।
एक माह में दूसरी ट्रैप कार्रवाई
जिले में एक माह के भीतर एसीबी की यह दूसरी बड़े ट्रैप करवाई है। इससे पहले 25 मई को साजा क्षेत्र में एक पटवारी को रिश्वत देते हुए गिरफ्तार किया गया था। वहीं जिले में पहली बार किसी पुलिसकर्मी के एसीबी के जाल में फंसने से सरकारी महकमों में भी इस कार्रवाई की व्यापक चर्चा है। मामले की आगे की जांच जारी है।