बेमेतरा

अवैध शराब संग दो आरोपी गिरफ्तार
25-Jun-2026 6:53 PM
अवैध शराब संग दो आरोपी गिरफ्तार

बेमेतरा, 25 जून। क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। विभाग की सक्रिय कार्रवाई के तहत विभिन्न गांवों में दबिश देकर अवैध शराब की जब्ती, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा प्रकरण दर्ज करने जैसी प्रभावी कार्रवाई की गई है। आबकारी अमले ने वृत्त-बेरला क्षेत्र में लगातार निगरानी एवं सघन गश्त करते हुए कई स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ग्राम टकसिवा निवासी सुमित्रा सोनवानी पति राजेंद्र सोनवानी के रिहायशी परिसर से अवैध रूप से विक्रय हेतु रखी गई देशी मसाला शराब जब्त की गई। वहीं ग्राम कोदवा निवासी कुशाल बारले पिता तारण बारले के कब्जे से भी अवैध देशी मदिरा बरामद की गई। दोनों मामलों में आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा ग्राम रांका सहित अन्य संदिग्ध स्थानों पर भी तलाशी अभियान चलाया गया।

आबकारी विभाग द्वारा लगातार निगरानी एवं सूचना संकलन के माध्यम से अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण और विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण के प्रयास किए जा रहे हैं।


अन्य पोस्ट