बेमेतरा

बाल संरक्षण जागरूकता अभियान, छात्राओं को किया जागरूक
25-Jun-2026 3:25 PM
बाल संरक्षण जागरूकता अभियान, छात्राओं को किया जागरूक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 25 जून। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित बाल संरक्षण जागरूकता अभियान के अंतर्गत शासकीय स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम कन्या शाला में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा तथा सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति बेमेतरा की अध्यक्ष निवेदिता जोशी, सदस्य लक्ष्मी साहू, बाल कल्याण समिति की नोडल संरक्षण अधिकारी, हेमलता नाविक तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की प्रतिनिधि इंद्राणी सिंह उपस्थित रहीं। उन्होंने छात्राओं को बाल कल्याण एवं बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।

विशेषज्ञों ने बाल विवाह के दुष्परिणामों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह न केवल बच्चों के स्वास्थ्य और शिक्षा को प्रभावित करता है, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य में भी बाधा उत्पन्न करता है। इसके साथ ही शाला त्यागी बच्चों को पुन: शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩे, शिक्षा के महत्व को समझने तथा किशोरावस्था में मोबाइल फोन के दुरुपयोग से बचने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को साइबर सुरक्षा, आत्म-सुरक्षा, अच्छे स्पर्श एवं बुरे स्पर्श की पहचान, आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के उपाय तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की सेवाओं के बारे में भी अवगत कराया गया। वक्ताओं ने छात्राओं को माता-पिता एवं अभिभावकों का सम्मान करने, अनुशासित जीवन अपनाने तथा अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी।

 महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बताया गया कि जिले में बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि प्रत्येक बच्चा सुरक्षित, शिक्षित और सशक्त वातावरण में अपना भविष्य संवार सके।


अन्य पोस्ट