बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 25 जून। धर्म, सेवा, संस्कार, संगठन और सामाजिक समरसता के अद्भुत संगम का प्रतीक बना माहेश्वरी समाज द्वारा आयोजित सात दिवसीय ‘महेश उत्सव सप्ताह’ इस वर्ष अभूतपूर्व उत्साह, के साथ संपन्न हुआ। महेश नवमी एवं महेश उत्पत्ति दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस महोत्सव ने पूरे सप्ताह नगर को शिवभक्ति, समाज सेवा, सांस्कृतिक चेतना और युवा शक्ति के रंगों से सराबोर कर दिया। सप्ताह भर चले विविध कार्यक्रमों में समाज के वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन, मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी, युवाओं का अद्वितीय नेतृत्व तथा बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।
महोत्सव का शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ वृक्षारोपण कार्यक्रम से हुआ। समाजजनों ने एक पौधा एक संकल्प अभियान चलाया। दूसरे दिन ग्राम झाल स्थित गौशाला में गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। तीसरे दिन अस्पताल एवं वृद्धाश्रम में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित कर समाज ने मानव सेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उत्सव के चौथे दिन आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में युवाओं ने बढ़-चढक़र भाग लिया। इसी गरिमामयी अवसर पर भारतीय सेना में चयनित 16 अग्निवीर युवाओं का सार्वजनिक सम्मान किया गया, जिसने समाज में राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यनिष्ठा का सशक्त संदेश दिया। महोत्सव के छठवें दिन दोपहर 03 बजे माहेश्वरी भवन से विशाल बाइक रैली का शंखनाद हुआ। युवा और महिलाएं भगवा ध्वज लेकर रायपुर रोड, कृष्णा विहार, स्वदेशी शिशु मंदिर, दुर्ग रोड, सिग्नल चौक, सदर रोड, नया बस स्टैंड, भारत माता चौक और जय स्तंभ चौक होते हुए गुजरीं।
मार्ग में जगह-जगह पर शीतल जल, कुल्फी और स्वल्पाहार से आत्मीय स्वागत हुआ।
प्रभात फेरी, ध्वजारोहण और बाबा महाकाल का अलौकिक रुद्राभिषेक किया गया। महेश नवमी के मुख्य व अंतिम दिन की शुरुआत सुबह 07 बजे बाबा रामदेव मंदिर से भव्य प्रभात फेरी के साथ हुई, जो पुराना बस स्टैंड, सदर रोड होते हुए महेश्वरी भवन पहुंची। यहाँ सभा अध्यक्ष कैलाश चंद काबरा, युवा संगठन अध्यक्ष हर्ष माहेश्वरी, महिला संगठन अध्यक्षा रेनू राठी तथा सुकमा से आए छत्तीसगढ़ प्रादेशिक युवा संगठन के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सतीश चांडक द्वारा गौरवमयी ध्वजारोहण कर सामूहिक महेश वंदना की गई।
इसके पश्चात खमरिया से पधारे विद्वान पंडित श्रीकांत जोशी के सानिध्य में 2 घंटे तक भगवान महाकाल का भव्य रुद्राभिषेक संपन्न हुआ, जिसमें दीपक-दीपाली डांगरा, अजय राठी, रेनू राठी तथा पंकज-सोनल गांधी ने मुख्य यजमान के रूप में पूजा-अर्चना की।
सभा सचिव अमित माहेश्वरी ने सातों दिन के कार्यक्रमों का शानदार व विस्तृत सचिव प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। आभा लखोटिया और विधि चांडक ने अपने जीवंत मंच संचालन से पूरे कार्यक्रम को आकर्षक बनाए रखा।