बेमेतरा
अफसरों की मान-मनौव्वल के बाद हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 22 जून। जिला मुख्यालय में रविवार को आयोजित अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रशासनिक लापरवाही और प्रोटोकॉल के उल्लंघन का मामला सामने आया है।
स्वामी विवेकानंद खेल स्टेडियम के इंडोर हाल में जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान साजा के भाजपा विधायक ईश्वर साहू की फोटो फ्लेक्स से गायब होने पर वे नाराज हो गए। विधायक ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर बाहर निकल गए। हालांकि अधिकारियों की मान-मनौवल के बाद वे कार्यक्रम में शामिल हुए।
गौरतलब है कि बेमेतरा में कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के दौरान भी प्रोटोकॉल का पालन नहीं करने पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई थी।
जिला मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के तमाम जनप्रतिनिधियों का आमंत्रित किया जाना था, लेकिन जब साजा विधायक ईश्वर साहू कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो वहां लगे मुख्यमंच के फ्लेक्स और प्रचार सामग्रियों में उनकी तस्वीर गायब थी। अपने ही क्षेत्र के सरकारी कार्यक्रम में इस तरह की उपेक्षा देखकर विधायक का पारा चढ़ गया। उन्होंने इसे सीधे तौर पर जनप्रतिनिधि और साजा की जनता का अपमान माना और कार्यक्रम का बहिष्कार करने का फैसला लिया।
विधायक ने जताई कड़ी आपत्ति
कार्यक्रम संपन्न होने के बाद विधायक ईश्वर साहू ने मीडिया से खुलकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि शासकीय आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सम्मान और प्रोटोकॉल का पालन करना प्रशासन के जिम्मेदारी होती है। लेकिन जिला प्रशासन लगातार इस नियम का अनदेखी कर रहा है। विधायक ने साफ तौर पर कहा कि भले ही वे अधिकारियों के मनाने पर कार्यक्रम में चले गए, लेकिन वह इस लापरवाही को छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करने और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
कार्यक्रम समापन के बाद जिला पंचायत सीईओ एवं साजा एसडीएम विधायक ईश्वर साहू के साजा स्थित निवास में सरकारी वाहन से पहुंचे। यहां उन्होंने प्रोटोकॉल को लेकर विधायक के समक्ष अपना पक्ष रखा।
अचानक मुख्य अतिथि बदलने के कारण यह स्थिति बनी-सीईओ
सीईओ जिला पंचायत प्रेमलता पद्माकर ने कहा कि कार्यक्रम की जिम्मेदारी आयुष विभाग की थी। अचानक मुख्य अतिथि के बदलने के कारण यह स्थिति बनी। आयुष विभाग की ओर से रात 12 बजे फ्लेक्स बनवाने के कारण क्रॉस चेकिंग नहीं हो पाया। नतीजतन ऐसी स्थिति निर्मित हो गई।