बेमेतरा

दाढ़ी पहुँचे कलेक्टर, राजस्व मामले में त्वरित निराकरण के निर्देश
20-Jun-2026 2:55 PM
दाढ़ी पहुँचे कलेक्टर, राजस्व मामले में त्वरित निराकरण के निर्देश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 20 जून। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने नगर पंचायत दाढ़ी एवं उप तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक एवं राजस्व कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, जनहित से जुड़े मामलों के समयबद्ध निराकरण तथा स्वच्छता व्यवस्था को लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं निरीक्षण के दौरान बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए एक कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी की गई। उप तहसील कार्यालय में कलेक्टर ने विभिन्न राजस्व प्रकरणों की फाइलों का अवलोकन कर लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी राजस्व प्रकरणों का निराकरण पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय-सीमा में किया जाए तथा आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने अभिलेखों एवं रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित रखने तथा लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कर्मचारियों की उपस्थिति का भी जायजा लिया। इस दौरान नगर पंचायत दाढ़ी में एक कर्मचारी बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के अनुपस्थित पाया गया। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए संबंधित कर्मचारी को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नोटिस में 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं तथा संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। इसके पश्चात कलेक्टर ने नगर पंचायत कार्यालय परिसर का प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नगर क्षेत्र में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने नागरिकों से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निपटारे की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी आवेदक अनावश्यक रूप से परेशान न हो तथा सभी आवेदन निर्धारित समय-सीमा में निराकृत किए जाएं। प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि सभी शासकीय संस्थाओं का संचालन सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं जनहितैषी होना चाहिए। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

 


अन्य पोस्ट