बेमेतरा

बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस करेगी आंदोलन-रविन्द्र चौबे
19-Jun-2026 6:31 PM
बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस करेगी आंदोलन-रविन्द्र चौबे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 19 जून। राजीव भवन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। इस दौरान उनके साथ पूर्व संसदीय सचिव गुरुदयाल सिंह बंजारे और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व विधायक आशीष छाबड़ा भी उपस्थित रहे। प्रेस कॉन्फ्रेंस का मुख्य विषय प्रदेश में बिजली की दरों में की गई वृद्धि और आम जनता पर इसके आर्थिक प्रभाव को लेकर था।

प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए पूर्व कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने सरकार के इस फैसले पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि बिजली दरों में की गई इस वृद्धि से आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ प्रदेश के किसानों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस फैसले का विरोध करती है।

चौबे ने सरकार से बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि दरें वापस नहीं ली गईं, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इन दिनों किसानों को लो वोल्टेज की समस्या का सामना करना पड़ रहा है और समय पर ट्रांसफार्मर भी नहीं मिल पा रहे हैं। धान की बुवाई और रोपाई के इस सीजन में किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से वे परेशान हैं।

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मंजूर की गई नई दरें 1 जुलाई से पूरे प्रदेश में लागू हो जाएंगी।  बिजली कंपनी ने शुरुआत में 24 प्रतिशत बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा था, जिसे आयोग ने पूरी तरह स्वीकार न करते हुए औसतन 6.23 प्रतिशत की दर वृद्धि को ही मंजूरी दी है।

पूर्व मंत्री चौबे ने बताया कि आंदोलन के तीसरे चरण में कांग्रेस कार्यकर्ता डोर-टू-डोर जाकर बिजली बढ़ोतरी के संबंध में आम जनता से चर्चा करेंगे।

इस अवसर पर मंगत साहू, प्रणीश चौबे, प्रांजल तिवारी, मिथलेश वर्मा, रश्मि मिश्रा, रोशन सिन्हा, देवेंद्र साहू, रीता पांडे, झम्मन बघेल, सनतधर दिवान, विजय बघेल, रवि रजक, ललित विश्वकर्मा, मनोज शर्मा, जावेद खान, शक्तिधर दिवान, आरिफ़ भाटिया, मोहित वर्मा, लीलाराम निषाद, योगिता साहू, हेमिन यादव, सहोदरा नवरंगे, सीताराम यदु और विकास चौबे सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट