बेमेतरा
जिपं अध्यक्ष ने छात्राओं का किया स्वागत, मुंह मीठा कर बढ़ाया हौसला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 17 जून। नए शिक्षा सत्र के शुभारंभ के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने नगर पंचायत साजा स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन से मुलाकात की।
नए सत्र के पहले दिन विद्यालय पहुंचकर उन्होंने छात्र-छात्राओं का स्वागत किया, उनका मुंह मीठा कराया तथा उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय पहुंचने पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रार्थना में शामिल हुईं। इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार आयोजित प्रार्थना कार्यक्रम में गायत्री मंत्र, छत्तीसगढ़ राज्य गीत, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ प्रार्थना में सहभागिता करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और राष्ट्रभक्ति का समन्वय ही विद्यार्थियों को एक आदर्श नागरिक बनाता है। इस अवसर पर कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि नया शैक्षणिक सत्र बच्चों के जीवन में नई उम्मीदों, नए संकल्पों और नए अवसरों का संदेश लेकर आता है। विद्यालय का पहला दिन हमेशा विशेष होता है क्योंकि यहीं से पूरे वर्ष की सीखने और आगे बढऩे की यात्रा प्रारंभ होती है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे नियमित रूप से विद्यालय आएं, मन लगाकर पढ़ाई करें और अपने जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें।
उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि बनेंगे। इसलिए अभी से मेहनत, अनुशासन और अच्छे संस्कारों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को विशेष रूप से प्रेरित करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं और शिक्षा ही उनके सशक्त भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने ने छात्राओं से कहा कि शासन द्वारा उन्हें शिक्षा, आवास, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इन सुविधाओं का लाभ लेकर उन्हें अपने जीवन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और संस्कारयुक्त वातावरण उपलब्ध हो, ताकि वे भविष्य में देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। जिला पंचायत अध्यक्ष ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि परिवार, शिक्षक और समाज के सामूहिक सहयोग से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।


