बेमेतरा

जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रज्ञा ने विद्यार्थियों संग किया न्योता भोज
17-Jun-2026 4:31 PM
जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रज्ञा   ने विद्यार्थियों संग किया न्योता भोज

शाला प्रवेश उत्सव में छात्राओं का स्वागत, नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक व गणवेश का वितरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 17 जून। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम कन्या शाला में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ,कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्राओं का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर जिला भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने छात्राओं को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रज्ञा निर्वाणी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रही है। सरकार की छात्र हितैषी योजनाओं के कारण दूर-दराज के क्षेत्रों के बच्चों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो रही है,प्रज्ञा निर्वाणी ने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो समाज और राष्ट्र के भविष्य को दिशा देती है तथा प्रत्येक छात्रा को अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अनुशासन, संस्कार एवं शिक्षा को जीवन का आधार बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आज की बेटियां ही कल के भारत का नेतृत्व करेंगी। शासन द्वारा संचालित योजनाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए मील का पत्थर सिद्ध हो रही हैं।

कार्यक्रम में जिले के नवपदस्थ जिला शिक्षा अधिकारी अभय जायसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे,उन्होंने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यालयों के समग्र विकास के लिए विभाग की प्रतिबद्धता दोहराई।

 कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के साथ आयोजित न्योता भोज में भी प्रज्ञा निर्वाणी ने सहभागिता निभाई तथा विद्यार्थियों के साथ बैठकर भोजन किया,इस आत्मीय पहल ने छात्राओं एवं अभिभावकों के बीच विशेष उत्साह का वातावरण निर्मित किया।

इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की सक्रिय पदाधिकारी पिंकी नेमा, विद्यालय परिवार, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


अन्य पोस्ट