बेमेतरा

शाला प्रवेशोत्सव: बच्चों को पगड़ी पहनाकर किया पारम्परिक तरीके से स्वागत
17-Jun-2026 3:13 PM
शाला प्रवेशोत्सव: बच्चों को पगड़ी पहनाकर किया पारम्परिक तरीके से स्वागत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 17 जून। शाला प्रवेशोत्सव के अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला बीजागोड़ विकासखंड साजा में नवप्रवेशी बच्चों का अनूठे एवं पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

 छत्तीसगढ़ में पगड़ी की एक विशेष परम्परा और महत्व है। इसी से प्रेरित होकर बीजागोड़ विद्यालय परिवार द्वारा बच्चों को छत्तीसगढिय़ा पगड़ी पहनाकर एवं तिलक लगाकर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। इस अभिनव पहल से बच्चों में विद्यालय के प्रति अपनत्व एवं उत्साह का वातावरण निर्मित हुआ।

 कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों, पालकों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। सभी ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। बच्चों को पाठ्य सामग्री एवं मिठाई वितरित कर उनके पहले दिन को यादगार बनाया गया।

 विद्यालय के प्रधानाध्यापक विशेषर नेताम ने बताया कि शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोडऩा तथा विद्यालय में आनंददायक एवं सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना है। पगड़ी पहनाकर स्वागत करने की इस नवाचारी पहल की पालकों एवं ग्रामीणों ने सराहना की। पगड़ी से बच्चे छत्तीसगढ़ी संस्कृति को भी जान पायेंगे। बच्चों का प्रथम दिवस यादगार बनाने के लिए पालकों ने शाला परिवार को शुभकामनायें दी। नवाचारी शिक्षिका चंदा सिन्हा ने बताया कि इस प्रकार के नवाचारी कार्यक्रमों से जनप्रतिनिधियों एवं पालकों का विद्यालय के प्रति आकर्षण बढ़ता है।

 बच्चों की आरती कर, तिलक चंदन लगाकर, मिठाई खिलाकर स्वागत किया  शासकीय प्राथमिक शाला अकोला में 16 जून को प्रधान पाठक हिम कल्याणी सिन्हा के मार्गदर्शन में शाला प्रबंधन समिति एवं पालकों की उपस्थिति में शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया। सर्वप्रथम सुबह प्रार्थना सभा में राष्ट्रगान, राष्ट्रीय गीत, दीप मंत्र, सरस्वती वंदना, गुरु मंत्र एवं महापुरुषों के जीवनी में महात्मा गाँधी जी के जीवन परिचय से बच्चें अवगत हुए।  नवप्रवेशी बच्चों के साथ ही सभी बच्चों के यादों को संजोने के उद्देश्य से विभिन्न रंगों का समायोजन कर उनके हथेली का छाप लिए, आरती थाल सजाकर तिलक लगाकर मुँह मीठा कर बच्चों का स्वागत अभिनन्दन किये।

प्रधान पाठक हिम कल्याणी सिन्हा बच्चों को कम्बाइन कॉपी, पेन्सिल रबड़ और पहाड़ा प्रदान की, पुस्तक वितरण किये सभी बच्चें बहुत ख़ुश हुए। इस अवसर पर सहायक शिक्षक हेमलता ठाकुर, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रोमन सिंह ठाकुर, उपाध्यक्ष जगाधर साहू, रामकुवर ठाकुर, उमा साहू, मीना यादव उपस्थित रही।


अन्य पोस्ट