बेमेतरा

जमीन विवाद, बड़े भाई की हत्या
14-Jun-2026 7:01 PM
जमीन विवाद, बड़े भाई की हत्या

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 14 जून। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम ढारा में शनिवार को जमीन विवाद के चलते छोटे भाई ने अपने बड़े भाई की हत्या कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल गैती को जब्त कर लिया, वहीं आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम धारा निवासी दो सगे भाइयों जलेश्वर साहू और प्रदीप साहू के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार को दोपहर में इसी बात को लेकर दोनों भाइयों में फिर से बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आपा चुके  जलेश्वर साहू ने पास पड़े खुदाई करने वाले औजार गैती को उठाया और बड़े भाई प्रदीप साहू पिता भारत साहू पर ताबड़तोड़  वार कर दिए। हमले में गंभीर रूप से घायल की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भारत साहू के तीन पुत्रों में सबसे बड़ा पुत्र लोक सिंह है। उसके बाद प्रदीप व जलेश्वर साहू है। जलेश्वर और प्रदीप दोनों अपने गांव ढारा में रहते थे। वहीं लोक सिंह 15 दिन पहले ही बेमेतरा में शिफ्ट हुआ था। है घटना के वक्त मृतक की मां घर पर नहीं थी। घटना की खबर लगने के बाद मौके पर पहुंची मां बेटे की हालत को देखकर रोटी बिलखती रही।

घटना की सूचना मिलते ही बेमेतरा पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और फॉरेसिक साक्ष्य जुटाए। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल आरोपी जलेश्वर साहू को हिरासत में लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ,ताकि घटना में अन्य पहलुओं का पता लगाया जा सके।


अन्य पोस्ट