बेमेतरा
कंडरका स्कूल में पौधारोपण, संरक्षण का संकल्प
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 7 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय कंडरका में वृक्षारोपण का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों और सदस्यों ने रोपे गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया।
राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका और रानी लक्ष्मीबाई इको क्लब की प्रभारी केवरा सेन ने विद्यालय परिसर में हरियाली विकसित होने की जानकारी साझा की। केवरा सेन ने बताया कि वर्ष 2007 में जब उनकी नियुक्ति इस विद्यालय में हुई थी, तब परिसर में केवल दो पेड़ (एक नीम और एक पीपल) उपलब्ध थे।
पूर्व प्रधानाध्यापक राजेन्द्र झा के प्रयासों से विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उनके पदोन्नति के बाद वर्तमान प्रधान पाठक प्रहलाद कुमार टिकरिहा और केवरा सेन द्वारा इन पौधों का संरक्षण किया गया। वर्तमान में विद्यालय परिसर में 100 से अधिक वृक्ष और एक औषधि उद्यान तैयार किया गया है। यहाँ किचन गार्डन और बागवानी गतिविधियों में रानी लक्ष्मीबाई इको क्लब के सदस्य सहयोग करते हैं।
शिक्षिका केवरा सेन ने कहा कि वृक्ष प्रकृति की अनमोल धरोहर हैं। ये न केवल हमें प्राणवायु, फल-फूल, औषधि और छाया देते हैं, बल्कि जलवायु को नियंत्रित कर पर्यावरण का संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है।
वृक्ष हमारे मित्र हैं, जो नि:स्वार्थ भाव से परोपकार करते हैं। वर्तमान में वृक्षों की कटाई को देखते हुए अत्यधिक पेड़ लगाने की आवश्यकता है।
इस वृक्षारोपण कार्यक्रम के अवसर पर रानी लक्ष्मीबाई इको क्लब की प्रभारी केवरा सेन, क्लब के सदस्य, विद्यालयीन गतिविधियों में सहयोग करने वाले रमेश यादव और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता प्रेमलता बघेल मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।


