बेमेतरा

बहेरघट रेत खदान क्षेत्र का खनिज विभाग ने किया निरीक्षण
05-Jun-2026 6:28 PM
बहेरघट रेत खदान क्षेत्र का खनिज विभाग ने किया निरीक्षण

अवैध खनन की शिकायत पर पहुंची जांच टीम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाताी

बेमेतरा, 5 जून। ग्राम बहेरघट स्थित शिवनाथ नदी के रेत खदान क्षेत्र से संबंधित प्राप्त शिकायतों के मद्देनजर खनिज विभाग द्वारा स्थल का निरीक्षण कर स्थिति का परीक्षण किया गया। विभागीय अमले ने मौके पर पहुंचकर ग्राम वासियों की उपस्थिति में जांच की तथा क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया।

उल्लेखनीय है कि ग्राम बहेरघट स्थित रेत खदान की ई-नीलामी प्रक्रिया के तहत ग्राम परपोड़ा निवासी श्री प्रतीक सिंह राजपूत अधिमानी बोलीदाता घोषित हुए हैं। उन्हें छत्तीसगढ़ गौण खनिज साधारण रेत नियम, 2025 के तहत आशय पत्र जारी किया जा चुका है। वर्तमान में खदान क्षेत्र के लिए पर्यावरण स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रचलन में है। पर्यावरणीय स्वीकृति प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार अनुबंध एवं कार्य अनुमति की आगामी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

खनिज विभाग को प्राप्त शिकायत के आधार पर दिनांक 25 मई को विभागीय टीम ने बहेरघट रेत खदान क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया।  जांच के दौरान मौके पर किसी भी प्रकार का रेत उत्खनन अथवा परिवहन कार्य संचालित होते नहीं पाया गया।

 

 विभागीय अधिकारियों ने ग्रामवासियों से चर्चा कर उन्हें खनिज नियमों एवं वैधानिक प्रक्रियाओं की जानकारी भी प्रदान की।

निरीक्षण के दौरान विभाग ने ग्रामीणों एवं संबंधित पक्षों को निर्देशित किया कि भविष्य में यदि खदान क्षेत्र में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अवैध उत्खनन अथवा परिवहन की जानकारी प्राप्त होती है तो तत्काल खनिज विभाग को सूचित करें, ताकि आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरणीय स्वीकृति एवं वैधानिक अनुमति प्राप्त होने के बाद ही नियमानुसार खनन कार्य प्रारंभ किया जाएगा। विभाग द्वारा खदान क्षेत्र की नियमित निगरानी की जा रही है तथा खनिज संसाधनों के संरक्षण एवं नियमानुसार उपयोग सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। विभागीय अधिकारियों ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन एवं नियमबद्ध खनन गतिविधियों को सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है तथा इस दिशा में सतत निगरानी और आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट