बेमेतरा

पुरानी रंजिश में हत्या, 2 बंदी
02-Jun-2026 3:44 PM
पुरानी रंजिश में हत्या, 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 2 जून। ग्राम मुरकुटा में सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पुरानी रंजिश और खेत की घेराबंदी को लेकर हुए मामूली विवाद ने संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें एक बुजुर्ग की हत्या कर दी गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने हत्या के दोनों मुख्य आरोपियों को कुछ ही घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

प्रार्थी अमरकांत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मुरकुटा से साल्हेधोरी जाने वाले रास्ते पर उसके पिता विद्यासागर नवरंग और आरोपी गेंदलाल नवरंग के खेत सटे हुए हैं। लंबे समय से खेत के पास कांटा तार से घेराबंदी करने और पानी के निकास को लेकर दोनों परिवारों में विवाद चल रहा था।  सोमवार सुबह जब विद्यासागर अपने घर के पास गली में मौजूद थे, तभी गेंदलाल और उसके बेटे शशिकांत ने रंजिशवश अचानक डंडों से हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे घटना स्थल पर विद्यासागर की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक रामकृष्ण साहू और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव के निर्देशन में विशेष जांच कर गठित की गई। पुलिस ने एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए।  पूछताछ में मुख्य आरोपी गेंदलाल नवरंग ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि कांटा तार की घेराबंदी से उसे आवाजाही में काफी परेशानी हो रही थी, जिसके चलते उसने रंजिश पाल रखी थी।

आरोपी ने स्वीकार किया कि उनसे और उसके बेटे शशिकांत ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


अन्य पोस्ट