बेमेतरा

धर्म स्तंभ कौंसिल का सेवा अभियान तेज, शीतल पेयजल वितरण
29-May-2026 8:24 PM
धर्म स्तंभ कौंसिल का सेवा अभियान तेज, शीतल पेयजल वितरण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 29 मई। धर्म स्तंभ कौंसिल द्वारा संचालित ‘जल सेवा-जीवन सेवा’ अभियान के अंतर्गत, राम जानकी मंदिर समिति, नवागढ़ द्वारा एकादशी के अवसर पर एक विशाल सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान राहगीरों, श्रमिकों और श्रद्धालुओं को भीषण गर्मी से राहत देने के लिए शीतल छाछ एवं नींबू पानी का अनवरत वितरण किया गया।

उल्लेखनीय है कि धर्म स्तंभ कौंसिल ने पूर्व में प्रदेश के सभी मठ-मंदिरों, आश्रमों एवं धार्मिक संस्थाओं के लिए एक एडवाइजरी जारी की थी,इसमें भीषण गर्मी को देखते हुए जल सेवा, छाछ वितरण और शीतल पेय जैसे सेवा कार्य प्रारंभ करने का विशेष आह्वान किया गया था,कौंसिल के इसी लोककल्याणकारी आह्वान को धरातल पर उतारते हुए नवागढ़ में इस व्यापक सेवा अभियान का शंखनाद किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढक़र सहभागिता निभाई,राहगीरों को रोक-रोककर पूरी आत्मीयता के साथ शीतल पेय वितरित किया गया, जिसने न केवल लोगों की प्यास बुझाई बल्कि समाज में ‘नर सेवा ही नारायण सेवा’ का सशक्त संदेश भी दिया।

धर्म स्तंभ कौंसिल के सभापति ने बताया कि धर्म स्तंभ कौंसिल का मूल उद्देश्य मठ-मंदिरों को सीधे समाज की आवश्यकताओं से जोडऩा और सेवा आधारित सनातन चेतना का निर्माण करना है। ‘जल सेवा – जीवन सेवा’ अभियान केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा का हमारा आध्यात्मिक संकल्प है,आने वाले समय में पूरे प्रदेश के मंदिरों में इस अभियान को एक जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।

इस कार्य को सफल बनाने में नगर के अनेक प्रबुद्ध जनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपना अमूल्य योगदान दिया,कार्यक्रम में मुख्य रूप से टीकाराम तुलसीदास, मिथलेश बिसेन ‘मिंटू’, अरुण बरनवाल, बबलू ताम्रकार, दिवाकर सिंह परिहार, कुमार वर्मा, भुवनेश्वरी वर्मा, बॉबी वर्मा, मोहित राजपूत, पीयूष सिंह, सागर साहब, हुलास सिंह, खेलन यादव, हरि सिन्हा, संतोष यादव, गोलू साहू, हरभजन सिंह टुटेजा, जनक राम साहू, प्रहलाद ध्रुव, रामनारायण पाठक, उमा मिश्रा, हेमलता साहू एवं हेमलता सिन्हा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और धार्मिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट