बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 29 मई। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित स्थल पर ही सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में जनपद पंचायत साजा अंतर्गत ग्राम पंचायत खुरूसबोड़ (आर) में एक हितग्राही द्वारा स्वीकृत स्थल के बजाय अन्य शासकीय भूमि पर निर्माण शुरू किए जाने के मामले में पंचायत एवं प्रशासन ने नियमानुसार कार्यवाही प्रारंभ कर दी है।
जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में हितग्राही गणेश वर्मा पिता टेकसिंह के नाम आवास स्वीकृत किया गया है। योजना के अंतर्गत प्रथम किश्त की राशि 40 हजार रुपए 1 नवंबर 2025 को हितग्राही के बैंक खाते में अंतरित की जा चुकी है।
क्या है नियम
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवास का निर्माण इस स्थान पर करना अनिवार्य है, जिसका सत्यापन एवं अनुमोदन संबंधित विभाग द्वारा किया गया हो। स्वीकृति स्थल से हटकर निर्माण करने पर सहायता राशि की वसूली सहित अन्य प्रशासनिक कार्यवाही की जा सकती है।
तीन बार नोटिस, कई बार दी समझाइश
ग्राम पंचायत खुरूसबोड़ (आर.) द्वारा हितग्राही को कई बार मौखिक एवं प्रत्यक्ष रूप से समझाइश दी गई कि निर्माण कार्य केवल स्वीकृत स्थल पर ही किया जाए। इसके अतिरिक्त पंचायत द्वारा तीन बार लिखित नोटिस भी जारी किए गए। संबंधित तहसीलदार द्वारा भी निर्माण कार्य पर रोक लगाने की कार्रवाई की गई है।
प्रशासन द्वारा योजना के प्रावधानों के अनुरूप स्वीकृत स्थल पर ही आवास निर्माण सुनिश्चित करने हेतु लगातार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। ग्राम पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्वीकृत स्थल पर वर्तमान में निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है। इसके विपरीत अन्य शासकीय भूमि पर निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की जानकारी प्राप्त हुई है, जिस पर पंचायत एवं राजस्व विभाग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
राशि वसूली की प्रक्रिया भी शुरू
निर्धारित स्थल पर समय-सीमा में आवास निर्माण कार्य पूर्ण नहीं किए जाने के कारण राशि वसूली संबंधी प्रकरण न्यायालय अनुभागीय अधिकारी साजा को प्रेषित किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार लाभ दिलाने हेतु सतत मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि वे किसी भी जानकारी के संबंध में अधिकृत स्रोतों से तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त करें।
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर प्रशासन की नजर
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावित क्रियान्वयन तथा पात्र हितग्राहियों को को नियमानुसार लाभ दिलाने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए केवल अधिकृत एवं तथ्यात्मक स्रोतों पर ही भरोसा करें।


