बेमेतरा

चौक पर मिला 30 लाख का बैग, पत्रकार ने थाने में जमा कराया
28-May-2026 7:04 PM
चौक पर मिला 30 लाख का बैग, पत्रकार ने थाने में जमा कराया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 28 मई। सिटी प्रेस क्लब के वरिष्ठ सदस्य एवं बेमेतरा निवासी आनंद प्रकाश साहू को सुबह लगभग 4.30 बजे सिग्नल चौक पुराना बस स्टैंड स्थित अशोक ट्रैक्टर्स के सामने मुख्य मार्ग पर एक लावारिस बैग मिला। बैग मिलने के बाद आनंद प्रकाश साहू ने बिना किसी लालच के तत्काल उसे थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा में जमा कराया। जब पुलिस द्वारा बैग की जांच की गई तो उसमें करीब 30 लाख रुपए मूल्य के सोना-चांदी के आभूषण एवं लगभग 37 हजार रुपए नगद पाए गए। इस प्रकार कुल जुमला रकम लगभग 30 लाख 37 हजार रुपए निकली।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उप महानिरीक्षक  रामकृष्ण साहू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बैग के वास्तविक स्वामी का पता लगाकर सामग्री सुरक्षित सुपुर्द करने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश कुमार यादव एवं एसडीओपी भुषण एक्का के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक सोनल ग्वाला एवं थाना स्टाफ को तत्काल कार्रवाई में लगाया गया। पुलिस टीम ने त्वरित जांच करते हुए बैग के स्वामी बेमेतरा निवासी विजय कुमार सोनी का पता लगाया और विधिवत उन्हें बैग सहित सोना-चांदी के आभूषण एवं 37 हजार रुपए नगद सुरक्षित सुपुर्द कर दिए। अपना लाखों रुपए का सामान सुरक्षित वापस मिलने पर विजय कुमार सोनी ने आनंद प्रकाश साहू एवं बेमेतरा पुलिस का आभार जताया।

 


अन्य पोस्ट