बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 25 मई। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी), रायपुर की टीम ने सोमवार को बेमेतरा जिले में एक पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ग्राम बोड़ जिला बेमेतरा निवासी नरोत्तम साहू की शिकायत पर की गई है ।
नरोत्तम साहू ने एसीबी, रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी जमीन का बटांकन (खाता विभाजन) करने और ऋण पुस्तिका बनाने के एवज में ग्राम बोड़ (तहसील साजा) के पटवारी ओमकार सोनवानी द्वारा 25,000 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। प्रार्थी रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था, बल्कि वह आरोपी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था ।
एसीबी द्वारा प्रार्थी की शिकायत का सत्यापन कराए जाने पर भ्रष्टाचार का यह मामला सही पाया गया। सत्यापन के दौरान हुए मोलभाव में आरोपी पटवारी 15,000 रुपये की राशि लेने के लिए सहमत हुआ।
आज 25 मई को एसीबी की टीम द्वारा जाल बिछाकर ट्रैप आयोजित किया गया। इस दौरान प्रार्थी से 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए आरोपी पटवारी ओमकार सोनवानी को मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया गया ।
एसीबी की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है । पटवारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (पीसी एक्ट) 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) की धारा 7 के प्रावधानों के तहत मामला पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है ।
सुरक्षा कार्यशाला
रायगढ़, 25 मई। जिले में लगातार सामने आ रहे औद्योगिक हादसों के बीच औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल शुरू की है। कारखानों में दुर्घटनाओं में कमी लाने और कर्मचारियों को आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में मॉक ड्रिल और सुरक्षा कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।


