बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 25 मई। बेमेतरा जिले के स्कूलों में पढऩे वाले बच्चे अपनी गर्मी की छुट्टियों का उपयोग प्रकृति को संवारने में कर रहे हैं। वे न केवल पेड़-पौधों की देखभाल कर रहे हैं, बल्कि भीषण गर्मी में पक्षियों की प्यास बुझाने का भी बीड़ा उठाया है।
शासकीय प्राथमिक शाला अकोला की प्रधान पाठक हिम कल्याणी सिन्हा के मार्गदर्शन में शाला परिसर को हरा-भरा बनाया गया है। शिक्षिका ने स्वयं दिव्यांगता के बावजूद शाला परिसर में चंदन, रुद्राक्ष, नारियल, बादाम, नीम और कदम जैसे 70 से अधिक फलदार व फूलदार पौधे रोपित किए हैं।
भीषण गर्मी को देखते हुए बच्चे पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। इस पुनीत कार्य में लिखिल यादव, गीतांजली यादव, प्रिया यादव, रूद्रप्रताप, तरुण और चन्द्रशेखर ने विशेष योगदान दिया है।
शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, राखी की प्रधान पाठक गायत्री जोगी के नेतृत्व में छात्रों ने स्कूल के साथ-साथ अपने घरों में भी पक्षियों के लिए प्रतिदिन दाना-पानी रखने का संकल्प लिया है।
बच्चों को यह सिखाया जा रहा है कि पक्षी प्रकृति के संतुलन के लिए कितने महत्वपूर्ण हैं। वे पौधों को सींचने और उनकी सुरक्षा करने का कार्य भी पूरी जिम्मेदारी के साथ कर रहे हैं। इस अभियान में कक्षा आठवीं की ऐश्वरी, नूतन तथा कक्षा छठवीं से खेमू, गुलशन, गजेंद्र, सुरेश और दुलारी जैसे छात्रों ने सक्रिय भूमिका निभाई है।


