बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 21 मई। कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, लंबित प्रकरणों एवं शासन की प्राथमिकताओं की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को जनहित के कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही दिखाई देनी चाहिए। शासकीय कार्यालयों में आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई की जाए।
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने बैठक में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में अफवाहों के कारण कई उपभोक्ता आवश्यकता से अधिक ईंधन भरवा रहे हैं, वहीं कुछ लोग जरीकेन, बोतल एवं अन्य पात्रों में पेट्रोल-डीजल संग्रहित करने के लिए भी पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ की स्थिति बन रही है। कलेक्टर ने बताया कि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए तेल कंपनियों द्वारा जरीकेन, डिब्बा अथवा अन्य खुले पात्रों में ईंधन देने पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल क्रय करें। प्रशासन द्वारा जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, इसलिए घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
बैठक में ‘सुशासन तिहार’ अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं अन्य लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि केवल फाइलों का औपचारिक निपटारा नहीं बल्कि वास्तविक और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदन निर्धारित पंजी में दर्ज हों तथा प्राथमिकता के आधार पर समय पर निराकरण किया जाए ताकि आम लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने तथा अवैध भंडारण, जमाखोरी एवं कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।
गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि जहां पानी की समस्या उत्पन्न हो रही हो वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही पाइपलाइन लीकेज एवं खराब हैंडपंपों की मरम्मत में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।


