बेमेतरा

15 माह बाद टेंट संचालक पर प्रकरण दर्ज
18-May-2026 8:00 PM
15 माह बाद टेंट संचालक पर प्रकरण दर्ज

अवैध बिजली कनेक्शन से मासूम की हुई थी मौत

बेमेतरा, 18 मई। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मटका में शादी समारोह के दौरान बरती गई घोर लापरवाही एक मासूम की मौत का कारण बन गई। शादी के घर में टेंट और लाइट डेकोरेशन के दौरान मुख्य बिजली लाइन से अवैध रूप से डायरेक्ट कनेक्शन लिया गया था। जिसकी चपेट में आने से एक 3 वर्षीय मासूम बालक की मौत हो गई। घटना के करीब 15 महीने बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पुलिस ने प्रार्थी चैतराम यादव की शिकायत के आधार पर टेंट संचालक के खिलाफ गंभीर मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

दर्ज प्रकरण के अनुसार ग्राम बसनी निवासी टेंट संचालक अशोक साहू ने 21 फरवरी 2025 को ग्राम मटका में एक विवाह कार्यक्रम में टेंट और लाइट डेकोरेशन का काम लिया था।

 संचालक अशोक साहू ने बिजली खंभे से सीधे अवैध वायर खींचकर डायरेक्ट कनेक्शन लगाया था। 23 फरवरी 25 की रात में जब परिवार बारात के स्वागत के लिए झम्मन यादव के घर गया था, तभी प्रार्थी का 3 वर्षीय बेटा प्रीतम यादव घर के बाहर टेंट के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह लोहे के टेंट पाइप से संपर्क में आ गया, जिसमें करंट दौड़ रहा था। करंट लगते ही बच्चा जमीन पर गिर गया, जिसे देख लोगों ने तुरंत खंभे से जुड़े सीधे तार को खींचकर बिजली बंद की।

<>अचेत अवस्था में मासूम प्रीतम यादव को तुरंत एक निजी वाहन से जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उपचार के दौरान डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने में 15 महीने का लंबा वक्त लग गया।

<>रिपोर्ट में करंट लगने से मौत की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया और पीडि़त परिवार की रिपोर्ट पर न्याय दिलाने की दिशा में कदम बढ़ाया।


अन्य पोस्ट