बेमेतरा

वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर
14-May-2026 5:59 PM
वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 14 मई। माँ गोदावरी आनंदवन आश्रम में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हीरापुर के सहयोग से वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में आश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गई और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।

आश्रम की ट्रस्टी कल्पना योगेश तिवारी ने बताया कि आश्रम में समय-समय पर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाते हैं और वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखा जाता है। उन्होंने कहा कि आश्रम में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्यकर्मी भी तैनात रहते हैं।

शिविर के दौरान बुजुर्गों की नेत्र जांच, टीबी जांच और एक्स-रे जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उनकी स्वास्थ्य स्थिति का परीक्षण कर आवश्यक सावधानियों और उपचार संबंधी जानकारी दी। जरूरतमंद लोगों को आगे के इलाज के लिए भी परामर्श दिया गया।

चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मचारियों ने वरिष्ठ नागरिकों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी लेकर नियमित जांच, संतुलित आहार और समय पर उपचार की आवश्यकता पर जोर दिया। कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि बुजुर्गों के स्वास्थ्य और देखभाल को प्राथमिकता दी जाती है तथा समय-समय पर इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाते हैं ताकि बीमारियों की समय रहते पहचान हो सके। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीम के सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।

कार्यक्रम में आश्रम परिवार, स्वास्थ्य विभाग की टीम और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट