बेमेतरा

प्रतीकात्मक शव यात्रा पर बवाल देवेंद्र समेत 17 पर एफआईआर
12-May-2026 2:19 PM
प्रतीकात्मक शव यात्रा पर बवाल   देवेंद्र समेत 17  पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 12 मई। बेमेतरा जिले के चंदनू थाना में 300 गौवंशों की मौत के मामले में निकाली गई प्रतीकात्मक शव यात्रा को लेकर 17 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायत खाद्य मंत्री के बेटे अंजू बघेल ने दर्ज कराई है।

एफआईआर में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक गुरुदयाल सिंह बंजारे, युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रांजल तिवारी, जनपद सदस्य दीपक दिनकर सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 126, 299, 356 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 एफआईआर में लगाए गए आरोप

एफआईआर के अनुसार  शनिवार 9 मई को ग्राम झिरिया के बाजार चौक में आरोपी चार पहिया वाहनों, मोटरसाइकिल और ट्रैक्टरों के साथ एकत्रित हुए। शिकायत में कहा गया है कि वहां सार्वजनिक रूप से यह कहा गया कि कैबिनेट मंत्री दयालदास बघेल की मृत्यु हो गई है तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए मौन रखा गया। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने बांस की अर्थी तैयार कर मंत्री का पुतला रखा और मुख्य मार्ग पर शव यात्रा निकाली। साथ ही सडक़ पर आवागमन भी प्रभावित हुआ।

 कांग्रेस व भाजपा में आरोप-प्रत्यारोप जारी

300 गौवंशों की मौत के मामले को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया है, जबकि कांग्रेस नेताओं ने गौवंशों की मौत के मुद्दे को लेकर सरकार को घेरा है। भिलाई विधायक  देवेंद्र यादव ने कहा कि गौवंशों की मौत का मुद्दा उठाने के कारण यह कार्रवाई की गई है। पूर्व विधायक गुरुदयाल बंजारे ने कहा कि गौवंशों के मामले में उनका आंदोलन जारी रहेगा।

युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रांजल तिवारी ने कहा कि एफआईआर के बावजूद वे मुद्दा उठाते रहेंगे।

जनपद सदस्य दीपक दिनकर ने कहा कि दर्ज एफआईआर गलत है और आंदोलन जारी रहेगा।

 इन लोगों पर दर्ज हुई एफआईआर

एफआईआर में भिलाई विधायक देवेंद्र यादव,पूर्व विधायक गुरुदयाल बंजारे, प्रांजल तिवारी, दीपक दिनकर, आरिफ भाटिया, सनतधर दीवान, शक्तिधर दीवान, सतीश मारकंडे, अंजलि मारकंडे, देवेंद्र साहू, अरमान साहू, हर्ष बघेल, प्रिंस देहरे, विजय यादव, विनोद तिवारी, मंटू तिवारी और अजय राज सेन सहित अन्य लोगों के नाम शामिल हैं।


अन्य पोस्ट