बेमेतरा
खाद्य मंत्री ने दिए जांच के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 9 मई। सेवा सहकारी समिति मुरता में किसानों द्वारा केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) के तहत जमा राशि के संबंध में अनियमितता की शिकायत सामने आई है। किसानों ने मोहतरा में आयोजित समाधान शिविर में इस मामले की शिकायत की।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि वर्ष 2022-23 में खाद और बीज के लिए जमा की गई राशि किसानों के खातों में समायोजित नहीं हुई, जिसके कारण उनके खातों में बकाया ऋण दर्शाया जा रहा है। किसानों का कहना है कि इससे उन्हें खाद-बीज प्राप्त करने में परेशानी हो रही है।
किसान सोमनाथ साहू ने आरोप लगाया कि समिति में खाद-बीज लेने पहुंचने पर उन्हें बकाया ऋण की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि बाद में रसीदों की जांच करने पर उन्हें जमा राशि और रिकॉर्ड में अंतर दिखाई दिया।
शिकायत में समिति के कुछ कर्मचारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। किसानों का आरोप है कि उनसे राशि ली गई, लेकिन बैंक में जमा नहीं कराई गई। मामले में लगभग 50 लाख रुपये से अधिक की अनियमितता का दावा किया गया है। प्रशासन की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से राशि की पुष्टि नहीं की गई है।
समाधान शिविर में मौजूद खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
स्थानीय किसानों ने मामले में निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन की ओर से जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।


