बेमेतरा
झिरिया से बेमेतरा तक विरोध मार्च, पुतलों का होगा अंतिम संस्कार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 8 मई। पिछले दिनों बेमेतरा जिले के ग्राम उसलापुर-झिरिया में हुई हृदयविदारक घटना, जिसमें 300 से अधिक गौवंशों की दर्दनाक मौत हुई, ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है। लगातार सामने आ रही गौवंश मृत्यु की घटनाओं को लेकर जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है।
जिला युवा कांग्रेस के महासचिव एवं जनपद सदस्य दीपक दिनकर पिछले 9 दिनों से गौवंशों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर अनशन पर बैठे हुए हैं, लेकिन शासन-प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
इसी संवेदनहीनता एवं प्रशासनिक विफलता के विरोध में जिला युवा कांग्रेस द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री एवं नवागढ़ विधायक दयालदास बघेल, कृषि और पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम एवं राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेश्वर पटेल की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली जाएगी।
यह प्रतीकात्मक शव यात्रा 9 मई शनिवार को दोपहर 2 बजे ग्राम झिरिया से प्रारंभ होगी, जो बालसमुंद होते हुए बाबामोहतरा मार्ग से बेमेतरा सिग्नल चौक पहुंचेगी, जहां प्रतीकात्मक रूप से अंतिम संस्कार किया जाएगा। जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस प्रांजल तिवारी एवं युवा कांग्रेस साथियों ने बेमेतरा विधायक दीपेश साहू एवं पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा के निवास पहुंचकर उन्हें शोक संदेश सौंपा तथा इस दुख की घड़ी में आयोजित प्रतीकात्मक शव यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया। साथ ही विभिन्न जनप्रतिनिधियों, मंत्रियों एवं जिम्मेदार पदों पर बैठे लोगों को पोस्ट ऑफिस के माध्यम से भी शोक संदेश भेजे गए।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से राष्ट्रीय कांग्रेस सचिव देवेंद्र यादव, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आशीष छाबड़ा एवं नवागढ़ के पूर्व विधायक गुरुदयाल बंजारे उपस्थित रहेंगे। यह संपूर्ण कार्यक्रम जिला युवा कांग्रेस बेमेतरा के नेतृत्व में आयोजित किया जाएगा।
जिला युवा कांग्रेस ने जिले के आम नागरिकों, गौ सेवकों एवं युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गौमाताओं के प्रति न्याय की आवाज बुलंद करने की अपील की है।


