बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 मई। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (दुर्ग क्षेत्र) द्वारा ग्रामीण विद्युत अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। साजा संभाग के देवरबीजा वितरण केंद्र अंतर्गत 33/11 केवी घोटमर्रा उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाने का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। पुराने ट्रांसफार्मर की जगह लगा नया 5 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर भीषण गर्मी और बढ़ती बिजली मांग को ध्यान में रखते हुए, उपकेंद्र में लगे पुराने 3.15 एमवीए ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 5 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर उसे सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया गया है। यह कार्य कार्यपालक निदेशक संजय खंडेलवाल के मार्गदर्शन एवं अधीक्षण अभियंता आरके मिश्रा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
11 गांवों के 2400 से अधिक उपभोक्ताओं को सीधा लाभ
इस क्षमता वृद्धि से घोटमर्रा, हडग़ांव, भेडऩी, चोटमर्रा, केछवई, कड़ई, हाड़ाहुली, कातुलबोड, मोतेसरा, रौद्र और डरजरा सहित कुल 11 गांवों के लगभग 2410 घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। लंबे समय से बेहतर बिजली आपूर्ति की मांग कर रहे ग्रामीणों को अब राहत मिलेगी।
वोल्टेज समस्या से राहत, किसानों को मिलेगा फायदा
नए ट्रांसफार्मर के लगने से क्षेत्र में वोल्टेज की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। इससे किसानों को सिंचाई कार्यों के लिए पर्याप्त और स्थिर बिजली उपलब्ध होगी, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलेगी।
गर्मी में भी नहीं होगी बिजली ट्रिपिंग की समस्या
अधिकारियों के अनुसार, ट्रांसफार्मर की क्षमता बढऩे से अब क्षेत्र में बढ़ते विद्युत लोड को आसानी से प्रबंधित किया जा सकेगा। इससे गर्मी के मौसम में भी बिजली ट्रिपिंग जैसी समस्याओं में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित होगी।


