बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 6 मई। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला की पूर्व छात्राओं का पुनर्मिलन समारोह नगर के होटल शुभकामना में आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी दुर्ग, अरविन्द मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। इसमें बेमेतरा की पूर्व छात्राएं एक मंच पर एकत्रित हुईं और आपस में बातचीत की।
कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग की प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए। इसी क्रम में हिम कल्याणी सिन्हा, जो शासकीय प्राथमिक शाला अकोला में प्रधान पाठक के पद पर कार्यरत हैं, भी शामिल हुईं। उन्हें राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त होने की जानकारी कार्यक्रम में दी गई।
हिम कल्याणी सिन्हा ने कहा कि अरविन्द मिश्रा ने उन्हें अनुशासन, स्वावलंबन और जिम्मेदारी निभाने की सीख दी। उनके अनुसार, वे बाहर से कठोर और हृदय से नम्र व्यक्ति हैं।
मंच से संबोधित करते हुए अरविन्द मिश्रा ने कहा कि पैसा आता-जाता रहता है, लेकिन व्यवहार स्थायी होता है। जरूरतमंदों, दिव्यांग जन और बेसहारा लोगों की मदद करनी चाहिए, परिवार का ध्यान रखना चाहिए और बुजुर्गों की सेवा करनी चाहिए।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि अरविन्द मिश्रा पूर्व में बेमेतरा में जिला शिक्षा अधिकारी रह चुके हैं और वर्तमान में दुर्ग में पदस्थ हैं।
हिम कल्याणी सिन्हा के कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यक्रम में उनका सम्मान किया गया।
समारोह में इंदु शुक्ला, प्रदीप भास्करवार, संतोष मिश्रा, रेखा सोनी, आराधना शर्मा और परगनिया सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।


