बेमेतरा

ग्रामीणों की दो टूक: हम जेल में रहेंगे तो इस गांव से बेहतर रहेगा, सडक़ बनाए, बहाना नहीं
05-May-2026 4:24 PM
ग्रामीणों की दो टूक: हम जेल में रहेंगे तो इस गांव से बेहतर रहेगा, सडक़ बनाए, बहाना नहीं

अफसरों की टीम गांव पहुंची, ग्रामीणों को जनगणना बाधित करने पर कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 5 मई। सडक़ निर्माण को लेकर आवाज बुलंद करने वाले ग्राम हरिहरपुर के ग्रामीणों ने ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर व्यवस्था की पोल खोल दी है।

सोमवार को ‘छत्तीसगढ़’ में खबर प्रकाशित होने के बाद तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत, हल्का पटवारी एवं नवागढ़ पुलिस की टीम ग्राम हरिहरपुर पहुंची। गांव के स्कूल में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को जनगणना कार्य बाधित नहीं करने की समझाइश देते हुए इस पर कानूनी कार्रवाई की जानकारी दी।

ग्रामीणों ने दो टूक यह कहा कि हम जेल में रहेंगे तो इस गांव से बेहतर रहेगा, अपने निर्णय पर अडिग है। आपको 17 सौ मीटर सडक़ बनाने का अधिकार नहीं तो आप हमारी आवाज समक्ष अधिकारियों तक पहुंचाए। हम तीन किलोमीटर चलकर मतदान करते हैं।

मूलभूत सुविधाओं की दरकार

ग्राम हरिहरपुर में शुद्ध जल प्रदाय योजना की शत प्रतिशत क्रियान्वयन की जानकारी पीएचई विभाग ने रिकॉर्ड में दी है पर सच्चाई क्या है ? गांव में नल की टोटी स्टेंड बता रहे हैं ? सडक़ ,पानी ,स्कूल की बदहाली से मूलभूत सुविधाओं का अंदाजा लगाया जा सकता है।

उच्च अधिकारियों को दी जानकारी

तहसीलदार नवागढ़ बलराम तंबोली ने बताया कि ग्राम हरिहरपुर के लोगो को जनगणना में सहयोग का आग्रह करते हुए उनकी मांग की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई है। फिलहाल ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े हैं, जो भी विधिसम्मत होगा उस आधार पर जनगणना कार्य कराएंगे।


अन्य पोस्ट