बेमेतरा

निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा-विजय बघेल
05-May-2026 3:06 PM
निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता  नहीं किया जाएगा-विजय बघेल

दिशा समिति की बैठक में सांसद ने की योजनाओं की समीक्षा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 5 मई। सांसद विजय बघेल की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की बेहतर क्रियान्वयन करने और अधिकारीगणों को जवाबदेही सुनिश्चित करने निर्देशित किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं सेवाओं और कार्यक्रमों का जमीनी हकीकत परखना और क्रियान्वयन में तेजी लाने हेतु कार्ययोजना निर्धारित करना था।

बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक दीपेश साहू, विधायक ईश्वर साहू, तीनों जनपद पंचायत के अध्यक्षगण, सभी नगरीय निकायों के अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।

सांसद विजय बघेल ने सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने आमजनता  के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देने, योजनाओं के क्रियान्वयन में गति लाने, जनता के प्रति अपनी जवाब देही सुनिश्चित करने के साथ समय समय पर आने वाली चुनौतियों का सामना व समाधान कर जिले के विकास को रेखांकित करने कहा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों और सेवाओं की गुणवत्ता उच्च स्तर की होनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शिक्षा और स्वास्थ्य, भविष्य की नींव पर मंथन

सांसद बघेल ने स्वास्थ्य एवं शिक्षा को जीवन का मूल आवश्यकता बताते हुए विभागीय योजनाओं सेवाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की समीक्षा की। आयुष्मान भारत कार्ड और स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की समीक्षा की गई। बैठक में कृषि और ग्रामीण विकास योजनांतर्गत मनरेगा के तहत रोजगार सृजन और कृषि से जुड़ी  योजनाओं की समीक्षा की गईं।? बैठक के दौरान सांसद  बघेल ने स्पष्ट शब्दों में अधिकारियों को जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए। बघेल ने स्वास्थ्य विभाग से स्कूलों में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, सम्पूर्ण टीकाकरण, कुपोषण की स्थिति और बच्चों के लिए पोषण संबंधी प्रयासों की जानकारी ली। शिक्षा विभाग से पीएम श्री योजना, शासकीय-अशासकीय स्कूलों में गणवेश एवं पुस्तकों के वितरण, शिक्षक उपलब्धता, पढ़ाई की स्थिति, व जर्जर भवनों की मरम्मत हेतु डीएमएफ व विधायक निधि से प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा का सुदृढक़रण

महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की आवश्यकता जताई। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित पेंशन भुगतान, अपूर्ण कार्यों में आ रही कठिनाइयों, और ठेकेदारों द्वारा कार्यों में लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। सांसद बघेल ने अधिकारियों से पारदर्शिता और समयबद्धता से कार्य करते हुए केंद्र की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही जनप्रतिनिधियों को भी योजनाओं के कार्यों की मॉनिटरिंग में भागीदारी निभाने को कहा, विशेषकर ग्रामीण एवं अंदरूनी क्षेत्रों में सांसद  बघेल ने बैठक के अंत में अधिकारियों से कहा कि योजनाएं जनता आर्थिक उन्नयन और सशक्त रूप से संबल बनाने के लिए संचालित की जाती है।

 इसे ध्यान में रखते हुए पूर्ण जवाबदारी पूर्वक कार्य करने निर्देशित किया।


अन्य पोस्ट