बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 17 अप्रैल। नारी सशक्तिकरण के स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर भारत में, भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा विशाल एवं ऐतिहासिक पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा केंद्र सरकार द्वारा पारित ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम ’ के प्रति आभार और समर्थन व्यक्त करने के उद्देश्य से निकाली जाएगी।
महिला मोर्चा अध्यक्ष प्रज्ञा निर्वाणी ने कहा कि यह आयोजन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि नारी सम्मान, अधिकार और भागीदारी के लिए जन-जन की भावना का विस्फोट है। उन्होंने कहा कि यह पल इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित होगा, जब एक ओर देश की संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ऐतिहासिक अधिनियम पर चर्चा का नेतृत्व कर रहे होंगे, वहीं दूसरी ओर बेमेतरा की सडक़ों पर सैकड़ो महिलाएं अपने अधिकारों और सम्मान के समर्थन में कदम से कदम मिलाकर पदयात्रा कर रही होंगी।
उन्होंने जिले की समस्त निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों जिला पंचायत, जनपद पंचायत, नगर पालिका, नगर पंचायत की पार्षद, महिला सरपंच एवं पंचों को इस पदयात्रा में अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए हैं, ताकि यह जनआंदोलन व्यापक रूप ले सके। प्रज्ञा निर्वाणी ने जिले की सभी जागरूक महिलाओं, सामाजिक संगठनों से जुड़ी मातृशक्ति एवं बहनों से भावुक अपील करते हुए कहा कि वे अपनी दैनिक प्रतिबद्धताओं को कुछ समय के लिए विराम देकर इस ऐतिहासिक पदयात्रा में शामिल हों और नारी शक्ति के इस महाआंदोलन का हिस्सा बनें।
भाजपा महिला मोर्चा द्वारा अंबेडकर जयंती पर वनवासी समाज की छात्राओं के साथ छात्रावास में जाकर समरसता भोज आयोजित कर उनके साथ भोजन कर संविधान निर्माता बाबा साहब भीम राव अंबेडकर की समता मूलक समाज निर्माण पर व्याख्यान दिया।
इस अवसर पर जिला महामंत्री मधु राजपूत ने कहा कि यह आयोजन किसी एक दल या विचारधारा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के सम्मान, अधिकार और आत्मगौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है,यह जीत किसी दल की नहीं, बल्कि दिलों की जीत है, इस देश में महिलाओं के अधिकार की जीत है।


