बेमेतरा

एक ही जमीन पर दो कार्यों के भुगतान का आरोप, जांच की मांग
17-Apr-2026 4:19 PM
एक ही जमीन पर दो कार्यों के भुगतान का आरोप, जांच की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 17 अप्रैल। जनपद पंचायत क्षेत्र के ग्राम पंचायत ताला के आश्रित ग्राम ढोकला में विकास कार्यों के भुगतान को लेकर अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों और वर्तमान पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार, खेल मैदान समतलीकरण और सामुदायिक भवन के आसपास भूमि समतलीकरण के लिए एक ही स्थान का चयन किया गया, जबकि दोनों कार्यों के लिए अलग-अलग मद से 6-6 लाख रुपये, कुल 12 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित कार्य कागजों में पूर्ण दर्शाकर भुगतान किया गया। इस संबंध में जनपद पंचायत बेमेतरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी से ‘छत्तीसगढ़’ ने संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।

वर्तमान सचिव अनिल बंजारे ने बताया कि पदभार ग्रहण करने के बाद भी पूर्व सचिव द्वारा पंचायत के दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इस संबंध में सरपंच के माध्यम से जनपद पंचायत को आवेदन दिया गया, जिस पर पूर्व सचिव को नोटिस जारी किया गया।

भुगतान के संबंध में पूर्व सचिव टीकम वर्मा ने बताया कि ठेकेदार को 12 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। वहीं ठेकेदार राकेश साहू ने लगभग 5.5 लाख रुपये ही प्राप्त होने की बात कही है और शेष राशि के भुगतान के लिए प्रयास करने की जानकारी दी।

वर्तमान सरपंच विवेकधर दीवान ने कहा कि दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने के कारण कार्यों की स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। उन्होंने मामले की जांच के लिए जनपद पंचायत और जिला पंचायत स्तर पर आवेदन देने की बात कही।

ग्रामीणों का कहना है कि किए गए कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है और इसकी जांच की जानी चाहिए।

इस संबंध में पूर्व सचिव टीकम वर्मा ने कहा कि कार्य स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार किया गया है और किसी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई है।


अन्य पोस्ट