बेमेतरा
प्रत्येक विकासखंड में प्रशिक्षकों की तैयारी पर जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 15 अप्रैल। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में एफएलएन प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हुआ। समापन समारोह में डाइट प्राचार्य जे.के. घृतलहरे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, रायपुर से एफएलएन के एसआरजी सुमित पांडेय और भरत कुमार डोरे भी मौजूद थे।
प्राचार्य जे.के. घृतलहरे ने शिक्षकों से बीआरजी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन की बात कही। उन्होंने बताया कि प्रत्येक विकासखंड में चार जोन बनाए गए हैं और प्रत्येक जोन में तीन-तीन बीआरजी को प्रशिक्षण की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025 और 2026 में राज्य स्तर पर सम्मानित 24 एफएलएन वॉरियर्स तथा कोर टीम के सदस्यों केवरा सेन और पवन कुमार देवांगन को सम्मानित किया गया। साथ ही एसआरजी सुमित पांडेय और भरत कुमार डोरे को भी प्रतीक चिन्ह प्रदान किया गया।
सुमित पांडेय ने कहा कि टीम के सदस्यों की संख्या बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रत्येक विकासखंड में प्रशिक्षकों की संख्या बढ़ाने और निपुण भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम करने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न विषयों पर सत्र आयोजित किए गए। इसमें शिक्षण पद्धतियां, आकलन, कहानी आधारित शिक्षण, बहु-कक्षा शिक्षण, पढऩे की प्रक्रिया, जीवन कौशल और भारतीय ज्ञान परंपरा जैसे विषय शामिल रहे। समापन अवसर पर डाइट परिवार ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी।


