बेमेतरा

डिप्टी सीएम साव ने 12 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
13-Apr-2026 7:34 PM
डिप्टी सीएम साव ने 12 करोड़ के विकास कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 13 अप्रैल। नगर पंचायत थानखम्हरिया में लोकार्पण एवं भूमिपूजन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस दौरान कुल 1202.23 लाख रुपये (लगभग 12 करोड़ 2 लाख 23 हजार रुपये) के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया, जिसमें 621.45 लाख रुपये के लोकार्पण तथा 580.78 लाख रुपये के भूमिपूजन कार्य शामिल हैं।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत 63 हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं भवन अनुज्ञा पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर साजा विधायक ईश्वर साहू विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि नगर पंचायत थानखम्हरिया की अध्यक्ष अनीता चंदन अग्रवाल ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।

 उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि थानखम्हरिया नगर पंचायत में आज जिन विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है, वे क्षेत्र के समग्र और संतुलित विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि सडक़, नाली, पेयजल, शिक्षा और सामुदायिक अधोसंरचना जैसे कार्य सीधे आमजन के जीवन से जुड़े होते हैं और इनसे नागरिकों को बेहतर एवं सुगम सुविधाएं प्राप्त होती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि हर नगर और हर वार्ड तक बुनियादी सुविधाएं सुदृढ़ रूप से पहुंचें, ताकि आम नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर हो सके। हाट-बाजार, मांगलिक भवन, मुक्तिधाम उन्नयन एवं तालाब सौंदर्यीकरण जैसे कार्य सामाजिक एवं आर्थिक गतिविधियों को गति देंगे।

उन्होंने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि विकास केवल सरकार का कार्य नहीं, बल्कि जनभागीदारी से ही इसे स्थायी और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अब यह जिम्मेदारी पूरे नगरवासियों की है कि वे अपने नगर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।  उप मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों से थानखम्हरिया नगर पंचायत में बुनियादी ढांचे का सशक्त विस्तार होगा और आने वाले समय में यह क्षेत्र विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।


अन्य पोस्ट