बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 13 अप्रैल। जिले में साइबर ठगी और अवैध वित्तीय लेनदेन के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डीआईजी रामकृष्ण साहू के निर्देश पर की गई।
पुलिस के अनुसार, नवागढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम मूरता निवासी धर्मराज साहू, संतोष कुमार साहू तथा एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपियों के कब्जे से 5 पासबुक, 2 चेक बुक, 8 एटीएम कार्ड और 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी संतोष साहू ग्रामीणों को लोन दिलाने का प्रलोभन देकर विभिन्न बैंकों में उनके खाते खुलवाता था। इसके बाद वह पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम अपने पास रख लेता था। पुलिस के अनुसार, इन खातों का उपयोग संदिग्ध लेनदेन के लिए किया जा रहा था।
इंडियन बैंक, बेमेतरा शाखा के एक खाते की जांच में पाया गया कि मई से जुलाई 2025 के बीच करीब 6.65 लाख रुपये जमा हुए और 6.52 लाख रुपये निकाले गए।
मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है। कार्रवाई सिटी कोतवाली प्रभारी सोनल ग्वाला और साइबर सेल प्रभारी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।


