बेमेतरा
नाबालिग आरोपी को भेजा बाल संप्रेक्षण गृह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 11 अप्रैल। धार्मिक शोभायात्रा के दौरान कोतवाली पुलिस ने अमन ध्रुव हत्याकांड की गुत्थी को सुलझाते हुए एक नाबालिग को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
उल्लेखनीय है कि बीते दिनों शोभायात्रा के दौरान चाकूबाजी से घायल हुए 24 वर्षीय अमन की सिम्स बिलासपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। बिलासपुर पुलिस से मर्ग डायरी मिलने के पश्चात पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। इसके लिए 19 सदस्य टीम का गठन किया गया। इस प्रकरण में कोतवाली पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया।
प्रकरण में नाबालिग को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे संप्रेषण गृह दुर्ग भेज दिया गया। पुलिस ने आरोपी बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया है।
बैंड बजे के घुन पर नाच रहा था अमन
इस संबंध में प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने बताया कि शोभायात्रा में नाचने के दौरान हुए विवाद में युवक पर नाबालिग ने प्राणघातक हमला किया था। तीन अप्रैल की रात करीब 10 बजे शोभायात्रा प्रताप चौक पहुंची। यहां वार्ड 15 निवासी अमन ध्रुव साउंड सिस्टम और बैंड बाजे की धुन पर नाच रहा था।
इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे पेट के दाहिने हिस्से में किसी धारदार वस्तु से वार कर दिया।
नशे में था नाबालिग
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नाबालिक नशे का आदी था और शोभायात्रा का दौरान नशा करके पहुंचा था। मामूली विवाद में उसने मृतक पर धार डाल हथियार से हमला कर दिया। इस घटना में युवक की मौत हो गई।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
कोतवाली थाना प्रभारी सोनम ग्वाला और साइबर सेल प्रभारी मयंक मिश्रा की टीम ने रैली में मौजूद लोगों से पूछताछ की और तकनीकी उपकरणों सीसीटीवी एवं मोबाइल लोकेशन के मदद ली। जांच में पता चला कि घटना वाली रात अमन का एक नाबालिगके साथ विवाद हुआ था।
संदेह के आधार पर जब पुलिस ने उक्त बालक से पूछताछ की तो उसने झगडऩे के दौरान धारदार हथियार से वार करना स्वीकार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया हैं।
चाकूबाजी की वारदात को बताया सडक़ हादसा
हमले में अमन के घायल होने के बाद प्रत्यक्षदर्शियों ने उसके बड़े भाई को फोन पर सूचना दी। उसके बाद मृतक का बड़ा भाई मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए रायपुर मार्ग स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचा।
यहां मृतक ने अपने बड़े भाई को चाकूबाजी की बात को छुपा कर सडक़ हादसे में घायल होना बताया। प्राथमिक उपचार के पश्चात उसको घर वापस लाया गया।


