बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 10 अप्रैल। जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने बेमेतरा जिले के विभिन्न ग्रामों में लगभग 75 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन विकास कार्यों के अंतर्गत ग्राम कोहडिय़ा में मुक्तिधाम एवं शेड निर्माण, ग्राम खमतराई, गोड़गिरी, नेवनारा एवं घटियाकला में सीसी रोड निर्माण, तथा ग्राम आंदु एवं टकसीवा में रंगमंच निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया गया। भूमिपूजन के दौरान ग्रामवासियों में विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की तथा ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। इस अवसर पर कल्पना योगेश तिवारी ने कहा कि गांवों का विकास ही जिले के समग्र विकास की मजबूत आधारशिला है। जब गांवों में सडक़, मंच, सामुदायिक सुविधाएं और मूलभूत ढांचे विकसित होते हैं, तो इससे सीधे तौर पर लोगों के जीवन स्तर में सुधार आता है।
उन्होंने कहा कि विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोगों के जीवन में सुविधा, विश्वास और संतुलन स्थापित करने का माध्यम है। जनभावनाओं के अनुरूप कार्यों की शुरुआत से लोगों के मन में संतोष और शासन के प्रति विश्वास बढ़ता है।
उन्होंने आगे कहा कि यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि अपने गांव और क्षेत्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। आपसी सहयोग, एकजुटता और सहभागिता से ही हर कार्य सफल होता है और यही भावना हमें निरंतर आगे बढऩे की प्रेरणा देती है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, महिलाएं एवं युवा उपस्थित रहे और सभी ने इस विकास पहल का स्वागत करते हुए क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर कोहडिय़ा के सरपंच रोहित शिवारे, खमतराई के सरपंच प्रहलाद सारथी, गोड़गिरी की सरपंच मीनू सुमन पाटिल, नेवनारा के सरपंच लोकेश कुमार साहू, आंदु के सरपंच सरजू राम साहू, टकसीवा की सरपंच ज्योति खेमराज साहू, तथा घटियाकला की सरपंच रानी वर्मा सहित पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


