बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 8 अप्रैल। मंगलवार को वन परिक्षेत्र करपावंड के अंतर्गत ग्राम गारेंगा के बाजार चौक पर वन विभाग की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की। वाहन समेत भारी मात्रा में जलाऊ लकड़ी जब्त की है।
वाहन चेकिंग के दौरान टाटा 1109 वाहन क्रमांक सीजी 27 जी 0144 को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसमें महुआ एवं आम के जलाऊ मिश्रित 07 चट्टा अवैध रूप से परिवहन करते पाए गए।
वाहन चालक भवानी प्रसाद सूर्यवंशी निवासी देउरबाल कोंडागांव मौके पर वनोपज परिवहन से संबंधित कोई भी वैध अनुज्ञा पत्र या दस्तावेज प्रस्तुत करने में पूरी तरह असफल रहा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर परिसर रक्षक तुलेश बघेल द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए लकड़ी के सातों चट्टे और वाहन को भारतीय वन अधिनियम 1927 एवं छत्तीसगढ़ अभिवहन (वनोपज) नियम 2001 की सुसंगत धाराओं के तहत जब्त कर लिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन परिक्षेत्र अधिकारी करपावंड ने जब्त वाहन और सामग्री को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसकी विधिवत सूचना प्राधिकृत अधिकारी एवं उपवनमंडलाधिकारी बस्तर को प्रेषित कर दी गई है।


