बेमेतरा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 2 अप्रैल। ग्राम रामपुर भाड़ एवं सोरला में आयोजित लोक महोत्सव कार्यक्रमों में भाजपा किसान नेता एवं सर्व हिंदू सनातन संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश तिवारी शामिल हुए।
इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित होकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया एवं आयोजन की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, लोकनृत्य एवं झांकी, लोकगीतों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और उल्लास से भर गया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज को जोडऩे और सामूहिक भावना को मजबूत करने का सशक्त माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा कि जब गांव के लोग एक मंच पर एकत्रित होकर अपनी प्रतिभा और परंपराओं का प्रदर्शन करते हैं, तो इससे आपसी जुड़ाव, सहयोग और आत्मीयता की भावना स्वाभाविक रूप से विकसित होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचान मिलती है और उन्हें आगे बढऩे का अवसर प्राप्त होता है। यह मंच न केवल कलाकारों के आत्मविश्वास को बढ़ाता है, बल्कि उन्हें अपने कौशल को निखारने और बड़े मंच तक पहुंचने की प्रेरणा भी देता है। इससे समाज में सकारात्मक सोच, रचनात्मकता और नई ऊर्जा का संचार होता है। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक दौर में, जहां भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग एक-दूसरे से दूर होते जा रहे हैं, ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन लोगों को फिर से एकजुट करने का कार्य करते हैं। ये आयोजन आपसी रिश्तों को मजबूत बनाते हैं और समाज में प्रेम, भाईचारा एवं सौहार्द का वातावरण निर्मित करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम विशेष रूप से प्रेरणादायक होते हैं, क्योंकि इससे उन्हें अपनी परंपराओं और मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है। जब युवा अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं, तभी वे समाज और देश के निर्माण में सशक्त भूमिका निभा सकते हैं। अंत में उन्होंने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि ऐसे आयोजनों को प्रोत्साहित करें और अधिक से अधिक सहभागिता निभाएं, ताकि समाज में एकता, समरसता और सकारात्मक वातावरण लगातार बना रहे तथा आने वाली पीढिय़ों को भी हमारी समृद्ध परंपराओं का ज्ञान और गर्व प्राप्त हो सके।
ग्रामीण बड़ी संख्या में ग्रामीणजन ग्राम सोरला के सरपंच देवेंद्र शिवारे, डिकेन्द साहू,लोकेश साहू,राजू मंडावी,मनीष साहू,सालिक,पियरे निर्मलकर, टाकेश्वर यादव, चंदन वर्मा, ढालसिंह यादव, ग्राम रामपुर भाड़ के राजू साहू,,राजेंद्र यादव,मन्नू यादव,प्रीतम धीवर आदि शामिल हुए।


