बेमेतरा
प्लांट प्रबंधन ने कहा-सारी अनुमति ली गई
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 1 अप्रैल। ग्राम सरदा में स्पंज आयरन प्लांट में जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन विस्तार के दौरान ग्राम बावनलाख के ग्रामीणों ने हंगामा किया। यहां ग्रामीणों ने संयंत्र प्रबंधन पर बिना अनुमति पाइपलाइन विस्तार के लिए खुदाई करने का आरोप लगाया। ग्राम बावनलाख के पास स्थित स्टाफ डेम से नदी का पानी प्लांट तक ले जाने के लिए खुदाई शुरू कर दी गई। इसके सूचना मिलने ही पार्षद दिखिल साहू व जनपद सदस्य लालू साहू के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खुदाई के काम को तत्काल रुकवा दिया। पार्षद निखिल साहू ने कहा कि यह मामला महादेव पाइपलाइन के विरोध तक सीमित नहीं रह गया है। बल्कि यह जल अधिकार की एक बड़ी लड़ाई में तब्दील हो चुका है। अब गेंद प्रशासन के पाले में है। देखना यह होगा कि प्रशासन जनता की बुनियादी जरूरत पानी को प्राथमिकता देता है या किसी निजी इकाई के व्यावसायिक हितों को।
गंभीर जल संकट से करना पड़ेगा सामना
ग्रामीणों का कहना है कि यह नदी पूरे क्षेत्र और नगर पालिका के लिए एकमात्र प्रमुख जल स्रोत है। भीषण गर्मी का मौसम नजदीक है और ऐसे में यदि फैक्ट्री सारा पानी अपने प्लांट में ले जाएगी तो पशु और ग्रामीणों के सामने पीने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा। जनपद सदस्य लालू साहू ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि पंचायत ने इस पाइपलाइन विस्तार के लिए कोई भी प्रस्ताव या अनापत्ति प्रमाण-पत्र जारी नहीं किया है।
प्रशासन को एक हफ्ते का अल्टीमेटम
मौके पर ग्रामीणों ने एकजुट होकर भारी विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर बेरला तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं थे। यहां ग्रामीणों ने संयंत्र प्रबंधन और प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी देते हुए एक हफ्ते का समय दिया है। यहां ग्रामीणों ने बेरला तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा जिसमें उन्होंने प्लान प्रबंधन की ओर से बिछाई गई पाइपलाइन को हटाने की मांग रखी, अन्यथा स्वयं उखाड़ फेंकने के साथ उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
जल हैं तो कल है का नारा बुलंद
विरोध प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने एक सुर में गांव के पास स्थित नदी से पानी नहीं ले जाने की बात दोहराई। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर पाइप लाइन का विस्तार नहीं होने दिया जाएगा। स्पंज आयरन प्लांट के संचालन में बड़े स्तर पर जल का दहन होता है। ऐसी स्थिति में हमेशा जल संकट की आशंका बनी रहेगी। सरपंच जगदेव साहू, जनपद सदस्य लालू साहू और भारी संख्या में महिला पुरुष उपस्थित रहे। पार्षद निखिल साहू ने कहा कि हमारी यह लड़ाई जल संरक्षण के लिए जारी रहेगी क्योंकि जल है तो कल है।
75 हजार ग्रामीणों को होगी दिक्कत
क्षेत्र के 57 गांव की जिला पूर्ति पूरी तरह ठप होने का खतरा मंडरा रहा है, जिससे हजारों ग्रामीणों को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। खारे पानी की समस्या से मुक्ति दिलाने के लिए प्रदेश के सबसे बड़े प्रोजेक्ट में बेमेतरा समूह पेयजल प्रदाय योजना ही संकट का सीधा कर पढ़ रहा है। अमोरा स्थित फिल्टर प्लांट से 30 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर यह पानी चरघट और गोरेघाट जैसे दूरस्थ अंचलों तक पहुंचता है। इस योजना से क्षेत्र के 75,870 ग्रामीण लाभान्वित होते हैं। जिन्हें वर्तमान में अमोरा के एमबीआर यूनिट के माध्यम से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्लांट को पानी देने पर मुख्यालय और 57 गांवों में थम सकती है सप्लाई
प्लांट को पानी देने की स्थिति में शिवनाथ नदी बेमेतरा शहर और ग्रामीण क्षेत्र की दो बड़ी पेयजल योजनाओं के सामने गंभीर चुनौती खड़ी हो सकती है। नदी में बनी भारी क्षमता वाले इंटक वेल के तीन वाल्वों में से एक से पानी नीचे जा चुका है। जबकि वाल्व के आसपास अब केवल दो से तीन इंच पानी शेष है। जल स्तर में इस कमी के कारण फिल्टर प्लांट तक पानी पहुंचने वाले भारी मोटर पंपों में से एक को मजबूरन बंद करना पड़ा है। जिससे आपूर्ति व्यवस्था लडख़ड़ा गई है। वर्तमान में केवल दो मोटरों के सहारे बम मुश्किल काम चलाया जा रहा है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार गांव में आपूर्ति के लिए प्रतिदिन औसतन 3 से 4 इंच पानी की खपत होती है।
इन गांवों में पेयजल आपूर्ति होगी बाधित
ग्रामीण के अनुसार प्लांट को नदी के माध्यम से जलापूर्ति से 57 गांव में पेयजल पूर्ति बाधित होने की आशंका रहेगी। वर्तमान में कतेली, हथमुड़ी , भुरकी , डूड़ा, नीनवा,सावंतपुर, खिलौरा, तेलईकूड़ा, रजकुड़ी, अमोरा, बीजाभाठ, भोईनाभथा बाबामोहतरा, नवागांव , खुरमुड़ी , पेंडरी, मुहररेगा, सोनपुरी, बालसमंद , आन्दू ,बीरमपुर, करंजिया ,झिरिया और खंडसरा सहित करीब 57 गांव की टंकीयो में भरने के लिए प्रतिदिन 1500 किलोलीटर पानी की आवश्यकता होती है।
सभी विभाग से ली है अनुमति
संचालक सरदा स्पंज प्लांट सिद्धांत सरोगी ने कहा कि पाइपलाइन विस्तार के लिए संबंधित सभी विभागों से अनुमति ली गई है अनुमति के बाद ही खुदाई शुरू की गई है।
किसी भी संस्थान को नहीं दिया जा रहा पानी - ईई
कार्यपालन अभियंता जल संसाधन विभाग शिवहरे ने कहा कि गर्मी के सीजन में किसी भी संस्था को पानी प्रदान नहीं किया जा रहा है। सरदा स्थित स्पंज आयरन प्लांट के पाइप लाइन विस्तार व इंटकेवल निर्माण में लगभग साल भर का समय लग सकता है। ऐसी स्थिति में जलापूर्ति की कोई संभावना नहीं है। जलापूर्ति संबंधित विभागों से अनुमति के बाद ही होगी।