बेमेतरा

बिटकुली केंद्र में 20 लाख का धान गायब
29-Mar-2026 8:34 PM
बिटकुली केंद्र में 20 लाख का धान गायब

जांच में गबन की पुष्टि, प्रभारी समेत 3 पर एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बेमेतरा, 29 मार्च। बेमेतरा जिले में धान खरीदी के दौरान अनियमितताओं का एक बड़ा मामला सामने आया है। बिटकुली धान उपार्जन केंद्र में लगभग 20 लाख रुपए के धान की कमी पाए जाने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए केंद्र प्रभारी सहित तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

जांच में सामने आई बड़ी गड़बड़ी

कलेक्टर को प्राप्त शिकायत के आधार पर जब प्रशासनिक टीम ने सेवा सहकारी समिति मर्यादित चंदनू अंतर्गत बिटकुली केंद्र का भौतिक सत्यापन किया, तो रिकॉर्ड और वास्तविक स्टॉक में भारी अंतर पाया गया।

जांच रिपोर्ट के अनुसार 1146 किसानों से खरीदे गए धान के मिलान के दौरान 2420 बोरी धान कम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 20 लाख रुपए से अधिक बताई गई है।

जांच में सहयोग नहीं करने का आरोप

संयुक्त जांच दल (मंडी, कृषि एवं सहकारिता विभाग) के मौके पर पहुंचने पर कुछ कर्मचारियों द्वारा जानकारी छिपाने की कोशिश भी सामने आई। हालांकि विस्तृत जांच के बाद गबन की पुष्टि हुई।

 तीन आरोपियों पर मामला दर्ज

जांच प्रतिवेदन उप आयुक्त सहकारिता को सौंपे जाने के बाद निम्नलिखित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया- रामनारायण साहू (केंद्र प्रभारी),  शैलेंद्र कोसले (वित्तीय प्रभारी),  जितेंद्र कुमार (तत्कालीन प्रबंधक)।

चंदनू समिति प्रभारी द्वारा इनके खिलाफ अमानत में खयानत सहित संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई गई है।

अमानक धान खरीदी की भी शिकायत

जांच में यह भी सामने आया कि केंद्र में कथित रूप से पुराने और निम्न गुणवत्ता के धान को नए धान के रूप में खपाने की कोशिश की जा रही थी। शिकायत के बाद संबंधित किसान का टोकन निरस्त कर धान वापस कर दिया गया।

अन्य केंद्रों में भी कार्रवाई

मामले से जुड़े घटनाक्रम में मऊ उपार्जन केंद्र में भी फर्जी धान खरीदी का मामला सामने आया है। यहां सहायक समिति प्रबंधक उमेश कुमार साहू को निलंबित करने के साथ उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

जांच जारी-टीआई

चंदनू थाना प्रभारी ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।


अन्य पोस्ट